पंजाब के जलालाबाद में DSP दफ्तर के बाहर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 3-4 बाइकों पर सवार कुछ युवक लाल बत्ती चौक की तरफ से DSP दफ्तर की ओर आए और वहां फायरिंग की। घटना के बाद कुछ युवक DSP दफ्तर के अंदर दाखिल हो गए, जिन्हें पुलिस ने काबू कर लिया। सिटी जलालाबाद पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोना सिंह उर्फ सोनू निवासी अमीर खास और आकाश पुत्र परमजीत, थाना वैरोका क्षेत्र के रूप में हुई है। इनके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल बरामद की गई है।
पुलिस ने दी ये जानकारी
सिटी जलालाबाद थाना प्रभारी मोहित धवन ने बताया कि शाम को सूचना मिली थी कि लाल बत्ती चौक में 3-4 बाइकों पर कुछ युवक बैठे हैं और DSP दफ्तर की तरफ जा रहे हैं। इसके बाद फायरिंग की सूचना मिली, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को काबू कर लिया।
SHO के अनुसार, एक फायर किए जाने की रिपोर्ट मिली है, जबकि यह जांच की जा रही है कि फायरिंग किस पिस्टल से की गई। इस मामले में बाकी आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी DSP दफ्तर के अंदर भी दाखिल हुए थे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
किसी के घायल होने की सूचना नहीं
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवक दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों का पीछा कर रहे थे। जब वे DSP ऑफिस के पास पहुंचे, तो गोली चलाई गई। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक फायरिंग में किसी के गोली लगने या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने यह भी कहा है कि घटनास्थल पर मिला कोई भी खाली कारतूस या अन्य सबूत जांच टीम को सौंप दिया जाए।
शुरुआती जांच में मंदिर के मैनेजमेंट से जुड़ा विवाद, आपसी अनबन और मंदिर की ज़मीन पर दुकानों का निर्माण संभावित वजहों के तौर पर सामने आए हैं। पुलिस मंदिर ट्रस्ट और उसकी संपत्ति से जुड़े कानूनी पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि जुए या सट्टेबाजी के संबंध में पहले से कोई लिखित शिकायत रिकॉर्ड में नहीं मिली है। हालांकि, घटना के संबंध में लगाए गए सभी आरोपों की अब पुष्टि की जा रही है।
रिपोर्टः सुनील
ये भी पढ़ेंः VIDEO: लुधियाना में बेखौफ लुटेरों का आतंक, महिला की आंखों में मिर्च डालकर छीना बैग, साथी कर्मचारी को भी बनाया निशाना
चंडीगढ़ की सड़कों पर देर रात 'थार' का कहर, युवती ने कई बाइक सवारों को कुचला, सामने आया खौफनाक Video