पंजाब में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर कमल भाभी के हत्यारे अमृतपाल सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कमल भाभी की हत्या करने के बाद अमृतपाल पुलिस से बचने के लिए विदेश भाग गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे डिपोर्ट कराया और दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। अमृतपाल जून 2025 में बठिंडा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल भाभी की सनसनीखेज हत्या का मुख्य आरोपी है। उसे मिडिल ईस्ट से डिपोर्ट किया गया था।
बठिंडा पुलिस ने अमृतपाल के पकड़े जाने की जानकारी दी। पुलिस की तरफ से बताया गया कि पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग के तहत ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल और सेंट्रल एजेंसियों की मदद से भगोड़े अमृतपाल सिंह मेहरोन को पकड़ लिया गया है।
पिछले साल हुई थी हत्या
अमृतपाल ने पिछले साल 9 जून को अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पीड़िता को किडनैप करके उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद उसकी लाश को बठिंडा के आदेश हॉस्पिटल में खड़ी एक कार में छोड़ दिया। इस मामले में उसके साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। हत्या करने के बाद, अमृतपाल कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए देश छोड़कर भाग गया। पंजाब पुलिस ने सेंट्रल एजेंसियों के साथ मिलकर मिडिल ईस्ट में उसकी लोकेशन का पता लगाया और एक्सट्रैडिशन की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर भारत डिपोर्ट कर दिया गया। 10 अप्रैल, 2026 की सुबह इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
अश्लीलता को बढ़ावा देने के आरोप में मर्डर
‘कमल कौर भाभी’ के नाम से मशहूर कंचन को कथित तौर पर उसके वीडियो में अश्लीलता को बढ़ावा देने के लिए निशाना बनाया गया था। नौ जून को उसकी हत्या कर दी गई और शव बठिंडा में एक लावारिस कार में मिला था। हत्या के कुछ ही घंटे बाद मुख्य आरोपी मेहरों संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भाग गया था। मोगा निवासी 30 वर्षीय मेहरों पर राज्य की कम से कम दो अन्य महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को धमकी देने का भी आरोप है। हत्या के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में मेहरों कथित तौर पर कहता सुना जा सकता है कि कंचन की हत्या उसके दो साथियों ने की है। अकाल तख्त के मुख्य ग्रंथी ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी की हत्या को उचित ठहराते हुए कहा था कि ‘कुछ भी गलत नहीं हुआ है’ और किसी को भी अश्लील गाने नहीं सुनने चाहिए।
यह भी पढ़ें-
सोनीपत में ट्रक ने 2 सगी बहनों को कुचला, हाईवे पर खड़ी कार को 100 मीटर घसीटा; दिल्ली से बेटे की बर्थडे पार्टी मनाने आए थे
मां के सामने बोरवेल में गिरा बच्चा, 70 फीट गहराई पर फंसा, परिवार की अटकी सांसें; रेस्क्यू जारी