1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. परिवार कार में बैठा था, चाप का ऑर्डर दे रहा था कारोबारी… तभी पीछे से आया बदमाश और कर गया कांड; वारदात CCTV में कैद

परिवार कार में बैठा था, चाप का ऑर्डर दे रहा था कारोबारी… तभी पीछे से आया बदमाश और कर गया कांड; वारदात CCTV में कैद

लुधियाना के पॉश इलाके में चेन स्नैचिंग की खौफनाक वारदात सामने आई है। खालसा कॉलेज के पास परिवार के साथ कार में पहुंचे कारोबारी के गले से एक बदमाश करीब 3 तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।

टोपी पहने युवक ने पीछे...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT टोपी पहने युवक ने पीछे से मारा झपट्टा और 3 तोले की सोने की चेन ले उड़ा।

पंजाब के लुधियाना के पॉश इलाके के अति व्यस्त बाजार घुमार मंडी में झपटमारी की एक वारदात सामने आई है। यहां परिवार के साथ चाप खाने पहुंचे एक कारोबारी के गले से अज्ञात युवक करीब 3 तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। वारदात उस समय हुई, जब कारोबारी रेहड़ी पर चाप का ऑर्डर देने के लिए खड़ा था। आरोपी की यह पूरी करतूत पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चाप का ऑर्डर देने के दौरान वारदात

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 25 अक्टूबर की देर शाम खालसा कॉलेज के पास घुमार मंडी में हुई। मॉडल टाउन निवासी राहुल कुमार अपने परिवार के साथ कार से चाप खाने पहुंचे थे। राहुल सेकंड हैंड कारों की खरीद-फरोख्त का कारोबार करते हैं। उनका परिवार कार में बैठा रहा, जबकि वह खुद ऑर्डर देने के लिए रेहड़ी के पास खड़े होकर इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान सिर पर टोपी और काले कपड़े पहने एक युवक आसपास पैदल घूमता नजर आया। मौका मिलते ही आरोपी पीछे से राहुल के पास पहुंचा और उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात-

चेन का कुछ हिस्सा हाथ में रह गया, बाकी लेकर भागा बदमाश

आरोपी ने इतनी तेजी से वारदात को अंजाम दिया कि राहुल संभल पाते, उससे पहले ही चेन टूट गई। चेन का कुछ हिस्सा राहुल के हाथ में रह गया, जबकि बाकी हिस्सा लेकर बदमाश मौके से फरार हो गया। राहुल के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए, लेकिन तब तक आरोपी वहां से निकल चुका था।

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश

घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान करने और वारदात के बाद उसके फरार होने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

वहीं, आपको बता दें कि एक हफ्ते पहले ही लुधियाना के पॉश इलाके में बाइक सवार 2 बदमाशों ने एक्टिवा पर घर लौट रही रजनी के गले से करीब 3 तोले की सोने की चेन झपट ली थी। चेन बचाने के लिए हुई खींचतान में रजनी का संतुलन बिगड़ गया और वह एक्टिवा समेत सड़क पर गिर पड़ी थी।

(रिपोर्ट- तुषार भारती)

यह भी पढ़ें-

Zomato-Swiggy की टी-शर्ट पहनकर घर में घुसे बदमाश, महिला की चेन छीनने लगे... भीड़ के हाथों हुई एक आरोपी की मौत

निशांत कुमार का स्वागत करने गए JDU नेता, लौटे तो गले से गायब थी 7 लाख की चेन, चोरों ने किया हाथ साफ