A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. लुधियाना ज्वेलरी शॉप लूट का चौंकाने वाला VIDEO: पिस्टल दिखाकर दुकानदार को पटका, ग्राहक को तलवार से मारा

लुधियाना ज्वेलरी शॉप लूट का चौंकाने वाला VIDEO: पिस्टल दिखाकर दुकानदार को पटका, ग्राहक को तलवार से मारा

लुधियाना के जगराओं में 3 बदमाशों ने ना सिर्फ एक ज्वेलरी शॉप को लूटा बल्कि वहां बैठे एक ग्राहक पर भी तलवार से जानलेवा हमला कर उसे खून से लथपथ कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।

ludhiana jewellery shop loot- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ज्वैलरी शॉप में हुई लूट की वारदात सीसीटीवी में कैद।

लुधियाना के जगराओं के कच्चा मलक रोड पर स्थित ‘न्यू कंडा ज्वेलर्स’ नामक एक ज्वैलरी शॉप पर 3 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे के आसपास की है। जिस समय यह वारदात हुई उस समय दुकानदार अशोक कुमार अपनी दुकान में आए एक ग्राहक को गहने दिखा रहे थे। तभी अचानक पिस्टल और तलवारों से लैस बदमाश दुकान में घुस आए और सभी को बंधक बना लिया। 

खून से लथपथ फर्श पर गिर पड़ा ग्राहक

विरोध करने पर बदमाशों ने दुकान में बैठे ग्राहक पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ फर्श पर गिर पड़ा। इसके बाद एक बदमाश काउंटर के अंदर घुस गया और सोने-चांदी के गहनों के दो बॉक्स, सोने की चेनें, कीमती जेवरात और नकदी लूट ली।

सामने आया CCTV फुटेज

महज़ डेढ़ से दो मिनट में पूरी वारदात को अंजाम देकर आरोपी मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

घायल ग्राहक की हालत गंभीर

घायल ग्राहक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आसपास के CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि बदमाशों के सुराग मिल गए हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। वारदात के बाद इलाके के व्यापारियों और सुनारों में भारी डर व रोष का माहौल है।

(रिपोर्ट- तुषार भारती)

यह भी पढ़ें-

तांत्रिक की क्रूर हत्या, आत्मा न भटके इसलिए लाश में ठोंकी 11 कीलें; आरोपी की मां का इलाज कर रहा था बाबा

खाटूश्यामजी में कमरा दिलाने की होड़ में युवक पर बरसाए डंडे, सड़क पर तड़पता रहा; VIDEO में देखें बेरहमी