A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पटियाला में देर रात रेलवे लाइन पर धमाका, ट्रैक पर टुकड़ों में मिला शव, हाथ-पैर और सिर धड़ से अलग मिले

पटियाला में देर रात रेलवे लाइन पर धमाका, ट्रैक पर टुकड़ों में मिला शव, हाथ-पैर और सिर धड़ से अलग मिले

पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात पंजाब के पटियाला में एक रेलवे ट्रैक के पास धमाका हुआ। शंभू-अंबाला रेल ट्रैक के पास, जहां यह घटना हुई, एक अज्ञात शव भी बरामद किया गया है।

रेलवे लाइन पर धमाका- India TV Hindi
Image Source : REPORTER रेलवे लाइन पर धमाका

पंजाब के पटियाला में राजपुरा-शंभू के बीच रेलवे लाइन पर देर रात धमाका हुआ। जानकारी के मुताबिक, राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCI) की रेलवे लाइन पर देर रात जोरदार ब्लास्ट हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को उस ट्रैक से किसी अज्ञात का भी शव मिला है, जिसके चिथड़े उड़े हुए थे। रेल ट्रैक पर हाथ-पैर और सिर धड़ से अलग-अलग मिले।

एसएसपी ने दी ये जानकारी

पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) वरुण शर्मा ने बताया कि धमाके से ट्रैक को भी कुछ नुकसान पहुंचा है। यह घटना रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए बने रेल ट्रैक के पास हुई। एसएसपी ने   बताया कि कम तीव्रता का एक धमाका हुआ है। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात शव भी क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया गया है। यह पूछे जाने पर कि क्या मरने वाले व्यक्ति की मौत धमाके में हुई है, एसएसपी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि नमूने इकट्ठा करने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम को मौके पर बुलाया गया है। 

खालिस्तान टाइगर फोर्स ने ली जिम्मेदारी

वहीं KTF यानी खालिस्तान टाइगर फोर्स नाम के खालिस्तानी आतंकी संगठन ने इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली है। जर्मनी में मौजूद जसविंदर मुलतानी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करके इस धमाके की जिम्मेदारी ली है। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, क्योंकि इस साल की शुरुआत में भी इस क्षेत्र में रेलवे के बुनियादी ढांचे पर इसी तरह की कम तीव्रता वाली गड़बड़ियां देखी गई थीं।

 

रेल ट्रैक पर पहले भी हो चुका है धमाका

इससे पहले जनवरी में पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के एक रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके से एक ट्रेन के इंजन को नुकसान पहुंचा था और एक लोको पायलट घायल हो गया था। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं। फोरेंसिक टीमें यह पता लगाने का काम कर रही हैं कि क्या यह घटना किसी तोड़फोड़ का नतीजा थी या किसी विशेष विस्फोटक उपकरण के कारण हुई थी।

इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, क्योंकि इस साल की शुरुआत में भी इस क्षेत्र में रेलवे के बुनियादी ढांचे पर इसी तरह की कम तीव्रता वाली गड़बड़ियां देखी गई थीं।

रिपोर्ट- शिव भगत