A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. लुधियाना में नाबालिग ने तेज रफ्तार कार से 2 लोगों को उड़ाया, CCTV में कैद हुआ हादसा

लुधियाना में नाबालिग ने तेज रफ्तार कार से 2 लोगों को उड़ाया, CCTV में कैद हुआ हादसा

वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर लगने के बाद एक व्यक्ति कार के बोनट पर गिर जाता है। इसके बावजूद ड्राइवर गाड़ी नहीं रोकता है और पीड़ित सड़क के दूसरी तरफ गिर जाता है।

Car Accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कार से टक्कर के बाद पीड़ित

पंजाब के लुधियाना में शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार कार ने दो लोगों को जोरदार टक्कर मारी। इस हादसे में दोनों व्यक्ति घायल हो गए। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई। कार एक नाबालिग चला रहा था। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कार से टक्कर मारकर भागते हुए दिखाई दे रहा है।

घटना करीब 8 बजे लुधियाना शहर के नीला झंडा रोड पर हुई। एक तेज रफ्तार जेन कार ने सड़क पर चल रहे 2 लोगों को टक्कर मार दी। इस दौरान दोपहिया वाहन से जा रहा व्यक्ति करीब ढाई फीट उछल गया और लगभग 15 से 20 फुट दूर जा गिरा, जिसकी एक सीसीटीवी फुटेज सामने आ चुकी है। कार ने उसे पीछे से टक्कर मारी थी।

साइकिल सवार और दुकानदार भी चोटिल

जानकारी के मुताबिक इस हादसे में सीसीटीवी में दिख रहे इस दोपहिया वाहन चालक के अलावा एक 21 वर्षीय साइकिल सवार और एक दुकानदार भी चोटिल हुआ है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान जाने से बच गयी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार मनू नामक व्यक्ति अपनी जेन कार को धुलाई के लिए कार वॉशिंग सेंटर पर लेकर आया था।

नाबालिग कर्मचारियों ने दौड़ाई कार

आरोप है कि सर्विस सेंटर मालिक ने लापरवाही करते हुए कार की चाबी अपने एक 16 साल से कम उम्र के दो नाबालिग कर्मचारियों को दे दी। दोनों कार लेकर बाजार में घूमने लगे और एक नाबालिग ने कार करीब 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ा दी। तेज रफ्तार के कारण चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और ये हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने घायलों को इलाज के लिए पहुंचाया। 

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी। हालांकि पुलिस अभी CCTV की मदद से उन नाबालिग आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और कार वॉशिंग सेंटर मालिक से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस मामले में अभी पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

(लुधियाना से तुषार भारती की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

पंजाबः पाकिस्तान सीमा से लगते इलाके में BSF का बड़ा ऑपरेशन, हथियारों का जखीरा बरामद

पंजाब में अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार, 11 एडवांस पिस्टल बरामद