पटियाला: पंजाब की नाभा सीट से विधायक गुरदेव सिंह देव मान पर मोटरसाइकिल की मामूली टक्कर के बाद एक शख्स के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। आरोप है कि विधायक गुरदेव सिंह देव मान और उनके सुरक्षा कर्मियों ने शख्स के साथ कथित तौर पर मारपीट की। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें विधायक देव मान, शख्स को लात मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि विधायक मान देव ने बाद में इस पूरे मामले पर सफाई पेश की। उन्होंने कहा कि इस मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। विधायक ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई पेश की।
विधायक ने वीडियो जारी कर दी सफाई
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के संबंध में नाभा से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरदेव सिंह देव मान ने अपना स्पष्टीकरण जारी किया है। विपक्षी नेताओं द्वारा शख्स के साथ मारपीट के लगाए जा रहे आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए विधायक गुरदेव सिंह देव मान ने कहा कि इस मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
लापरवाही से गाड़ी चला रहा था शख्स
विधायक गुरदेव सिंह देव मान के अनुसार यह घटना उस समय हुई, जब शख्स बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर लापरवाही से ड्राइविंग कर रहा था। वह बाइक को जिग-जैग करके चला रहा था और उनकी गाड़ी से टकराने से बचा। जब पुलिस और प्रशासनिक टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह रुकने के बजाय भागने लगा। काफी पीछा करने के बाद उसे गलियों में घेरकर काबू किया गया।
नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई
विधायक देव मान ने आगे बताया कि उस शख्स के पास न तो कोई लाइसेंस था और न ही वाहन पर कोई नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस द्वारा इस बात की जांच की जा रही है कि वह नशा तस्करी या किसी अन्य गैर-कानूनी गतिविधि में शामिल तो नहीं है। विधायक ने यह भी कहा कि पंजाब को नशा-मुक्त बनाने और गैर-कानूनी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन कड़े कदम उठा रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या नशा बेचने वालों के बारे में तुरंत सूचना दी जाए।
यह भी पढ़ें-
टाइगर श्रॉफ मामले से जुड़ी बड़ी खबर, तीन आरोपी कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में थे