LIVE: पंजाब में आज 'महा हड़ताल', सरकारी दफ्तर बंद, बसें नहीं चलेंगी; क्या बंद और क्या खुला रहेगा?
पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों का अपनी मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। आज पंजाब के सरकारी कर्मचारी प्रदेशव्यापी हड़ताल पर हैं। इससे 4 दिन तक सरकारी कामकाज प्रभावित रहने की आशंका है।

पंजाब में सरकारी कामकाज कराने वाले लोगों के लिए आज 27 अगस्त का दिन परेशानी वाला रहेगा। 3 लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारी और 4 लाख से ज्यादा पेंशनभोगी आम आदमी पार्टी (AAP) की भगवंत मान सरकार द्वारा बकाया महंगाई भत्ता (DA) जारी न करने के विरोध में 'महा हड़ताल' कर रहे हैं। 27 अगस्त के बाद 28 अगस्त को रक्षाबंधन का सरकारी अवकाश है और इसके बाद शनिवार-रविवार होने के कारण लगातार कई दिनों तक नियमित सरकारी कामकाज प्रभावित रहने की आशंका है।
आज सचिवालय से लेकर जिला स्तर तक सरकारी कार्यालयों में कामकाज बंद रहेगा। उपायुक्त, एसडीएम, तहसील और राजस्व कार्यालयों के अलावा परिवहन, स्वास्थ्य, स्कूल और कॉलेजों के कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल होंगे। अस्पतालों की OPD, रोडवेज बसें और स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह ठप रहेंगे। हालांकि अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।
कर्मचारियों की क्या हैं मांगें?
- सरकारी कर्मचारी आज सरकारी कार्यालयों में राज्यव्यापी हड़ताल करेंगे ताकि सरकार पर अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को मानने के लिए दबाव डाला जा सके, जिसमें बकाया DA जारी करना भी शामिल है।
- विरोध कर रहे कर्मचारी बकाया 18 प्रतिशत DA जारी करने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने और अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने की मांग कर रहे हैं।
- कर्मचारी और पेंशनर संगठनों की ओर से DA के भुगतान को लेकर भी सरकार पर दबाव बनाया जा रहा है। कुछ कर्मचारी संगठनों ने हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार महंगाई भत्ते और उसके बकाये का भुगतान करने की मांग उठाई है।
Live updates : Punjab Bandh LIVE Updates
-
August 27, 2026 12:04 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
प्रताप सिंह बाजवा ने AAP सरकार पर बोला हमला
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने हड़ताल को लेकर AAP सरकार की कड़ी आलोचना की। बाजवा ने X पर कहा, "पंजाब के सरकारी कर्मचारियों की ओर से आज की जा रही 'महा हड़ताल' इस बात की जबरदस्त याद दिलाती है कि आप सरकार ने उन लोगों के साथ कितना बुरा धोखा किया है, जिन्होंने कभी फूलों से उनका स्वागत किया था। आज ये कर्मचारी अपने जायज़ हक़ पाने के लिए सड़कों पर उतरने और कोर्ट जाने को मजबूर हैं। DA का बकाया, OPS लागू करने और नौकरी पक्की करने की उनकी मांगें सही हैं।"
-
August 27, 2026 12:02 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
होशियारपुर के अस्पताल में दोपहर 2 बजे तक OPD सेवा बंद
अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में डॉक्टरों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। अस्पताल में प्रदर्शन कर रहे एक व्यक्ति ने बताया कि OPD सेवाएं बंद थीं, लेकिन इमरजेंसी सेवाएं चालू थीं। इसी तरह, होशियारपुर के एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में भी OPD सेवाएं बंद रहीं। एक डॉक्टर ने बताया कि OPD सेवाएं सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेंगी।
-
August 27, 2026 12:01 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
अस्पतालों में OPD सेवाओं पर असर
पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल के चलते गुरुवार को कई सरकारी विभागों और अस्पतालों में OPD सेवाओं पर असर पड़ा। कर्मचारी अपनी मांगों, जैसे कि रुका हुआ महंगाई भत्ता (DA) जारी करने को लेकर AAP सरकार पर दबाव बनाने के लिए हड़ताल कर रहे हैं। 'पंजाब सांझा मुलाज़िम मंच' के बैनर तले 150 से ज्यादा कर्मचारी संगठन राज्य सरकार से अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को मनवाने के लिए 'महा हड़ताल' में शामिल हुए हैं। कर्मचारी संगठनों के अनुसार, सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर OPD सेवाएं बंद हैं।
-
August 27, 2026 8:29 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
प्रताप सिंह बाजवा ने जताया समर्थन
इससे पहले 7 अगस्त को सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियो ने सामूहिक प्रदर्शन किया था। विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने इस हड़ताल के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।
-
August 27, 2026 8:28 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
सड़कें जाम नहीं की जाएंगी
विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़कें जाम नहीं की जाएंगी। राज्य में लगभग तीन लाख सरकारी कर्मचारी और 3.50 लाख पेंशनभोगी हैं। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी रुके हुए 18 प्रतिशत महंगाई भत्ते को जारी करने, पुरानी पेंशन योजना को लागू करने और अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने की मांग कर रहे हैं।
-
August 27, 2026 8:27 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
150 से ज्यादा कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल के लिए मिलाया हाथ
पंजाब सरकार पर लंबित मांगों को मानने का दबाव बनाने के लिए 150 से ज्यादा कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल के लिए हाथ मिलाया है। पंजाब सांझा मुलाजिम मंच के नेता सुखचैन सिंह खेहरा ने कहा कि सिविल सचिवालय, निदेशालय, उपायुक्त कार्यालय, उपजिलाधिकारी कार्यालय और तहसील कार्यालय में हड़ताल होगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, स्वास्थ्य, परिवहन, राजस्व और शिक्षा समेत दूसरे विभागों के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल होंगे।
-
August 27, 2026 8:26 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
CM भगवंत मान के साथ आज जालंधर में बैठक
पंजाब की AAP सरकार पर दबाव बनाने के लिए कई श्रमिक संघों द्वारा राज्यवापी हड़ताल का आह्वान किए जाने से आज सरकारी विभागों में कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और 'पंजाब साझा मुलाज़िम मंच' के तहत आने वाले कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच उनकी समस्याओं पर चर्चा करने के लिए आज ही जालंधर में एक बैठक होगी।
-
August 27, 2026 7:40 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
पंजाब में आज क्या खुला और बंद रहेगा?
- स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद रहेंगे।
- ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। केवल इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।
- सरकारी कामकाज ठप रहेंगे। इस दिन कोई भी करमचारी दफ्तर नहीं आएगा।
- यह पंजाब बंद का आह्वान नहीं है, बल्कि कर्मचारियों की हड़ताल है।
- किसी भी तरह का चक्का जाम नहीं किया जाएगा।
- प्राइवेट संस्थानों, दुकानों और आम जनता की आवाजाही पर कोई रोक नहीं होगी।