1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. खुलेआम फायरिंग करने पर पंजाबी सिंगर विक्की तालीवान गिरफ्तार, स्टेटस पर डाली थी VIDEO

खुलेआम फायरिंग करने पर पंजाबी सिंगर विक्की तालीवान गिरफ्तार, स्टेटस पर डाली थी VIDEO

पंजाबी सिंगर विक्की तालीवान को फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उन्होंने फायरिंग का वीडियो बनाया और इसे व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

सिंगर विक्की तालीवान ने की थी खुलेआम फायरिंग।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सिंगर विक्की तालीवान ने की थी खुलेआम फायरिंग।

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना में पंजाबी सिंगर विक्की तालीवान उर्फ बिक्रमजीत सिंह को हवाई फायरिंग के वीडियो को वॉट्सऐप स्टेटस पर लगाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, विक्की ने अपने दोस्त की लाइसेंसी पिस्टल से खेतों में हवाई फायरिंग की और इसका वीडियो बनाकर वॉट्सऐप स्टेटस पर डाल दिया। वीडियो सामने आने के बाद थाना माछीवाड़ा साहिब में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि फायरिंग बटाला, जिला गुरदासपुर में की गई थी, जबकि वीडियो बाद में माछीवाड़ा साहिब के गांव बहिलोलपुर पहुंचकर वॉट्सऐप स्टेटस पर लगाया गया। 

फायरिंग का वीडियो वायरल

पुलिस अब फायरिंग की जगह और हथियार से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जिस लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल सामने आया है, वह मनवीर सिंह नाम के व्यक्ति की बताई जा रही है। जांच इस बात पर भी है कि लाइसेंसी हथियार विक्की तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उससे फायरिंग की गई। हथियार के लाइसेंसधारी को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। इस मामले में डीएसपी प्रितपाल सिंह संधू ने बताया कि वीडियो की जानकारी मिलते ही केस दर्ज कर विक्की को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। सोमवार के दिन हुई इस गिरफ्तारी के सम्बंध में खन्ना पुलिस के डीएसपी के मुताबिक, विक्की के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े के दो मामले दर्ज हैं। 

दोस्त से ली थी बंदूक

प्राप्त हुई जानकारी के मुताबिक विक्की तालीवान पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े हैं और गुरलेज अख्तर के साथ काम कर चुके हैं। दोनों का ‘Hot Headed’ 22 जनवरी 2025 को रिलीज हुआ था। करीब चार महीने पहले ‘In Famous’ गाना आया, जबकि विक्की का सिंगल ‘साउण दियां झड़ियां’ 4 अगस्त 2026 को रिलीज हुआ था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूत्रों से ये भी पता चला है कि हवाई फायर के लिए इस्तेमाल की गई पिस्टल एक AAP नेता के गनमैन मनवीर सिंह की है। मनवीर सिंह गुरदासपुर जिले के एक आम आदमी पार्टी नेता के गनमैन बताया जा रहा हैं। हालांकि, पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। (इनपुट- तुषार भारती)

यह भी पढ़ें-

ना OTP दिया ना कॉल उठाया, फिर भी कारोबारी के खाते से उड़ गए 6 लाख रुपये, एक मैसेज ने उड़ा दिए होश