1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शादी में दूल्हे की दबंगई, 6 सेकंड में 17 राउंड फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही FIR

शादी में दूल्हे की दबंगई, 6 सेकंड में 17 राउंड फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही FIR

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 07, 2026 09:41 pm IST,  Updated : Sep 07, 2026 09:41 pm IST

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दूल्हे की पोशाक पहने एक युवक फायरिंग करता नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।

Bulandshahr- India TV Hindi
शादी में दूल्हे की दबंगई Image Source : REPORTER INPUT

बुलंदशहर के खुर्जा से शादी समारोह का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में दूल्हे की पोशाक पहने एक युवक पिस्टल हाथ में लेकर मेहमानों के सामने ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद खुर्जा पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में युवक शादी समारोह के दौरान पिस्टल से लगातार गोलियां चलाता नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि उसने करीब छह सेकंड के भीतर 17 राउंड फायर किए। इस दौरान वह दूल्हे के लिबास में बैठा हुआ दिखाई देता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

साल 2022 का है वीडियो

पुलिस की जांच में वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला तारीनान निवासी शादाब पुत्र सफीक के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, यह वीडियो कोई हाल की शादी का नहीं बल्कि साल 2022 में हुई शादाब की अपनी शादी का बताया जा रहा है। वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस की नजर में आया। वीडियो में दिखाई दे रही पिस्टल को सोशल मीडिया पर कुछ लोग जिगाना पिस्टल बता रहे हैं और इसे तुर्की निर्मित हथियार बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की जांच में ही यह स्पष्ट होगा कि वीडियो में इस्तेमाल किया गया हथियार वास्तव में कौन सा था और उसके पास उसे रखने या इस्तेमाल करने की वैध अनुमति थी या नहीं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। खुर्जा सर्किल के CO शोभित कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दूल्हे की वेशभूषा में एक युवक फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है। उसकी पहचान शादाब के रूप में हुई है। CO के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में फायरिंग साल 2022 में उसकी शादी के दौरान किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने शादाब के खिलाफ खुर्जा नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के साथ वीडियो में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: वरुण शर्मा)

यह भी पढ़ें:

पत्नी के प्रेमी ने की पति की हत्या, शव के टुकड़ों में काटकर तालाब में फेंका; आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।