यूपी में सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बीते शनिवार को जिस मस्जिद को बुलडोजर से ढहाया गया था, मलबा हटाने के बाद उसके नीचे से कुआं निकला है। मलबा अब पूरी तरह साफ कर दिया गया है। दूसरी तरफ, 70 साल पुरानी अवैध मस्जिद गिराए जाने पर सियासत भी जारी है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से लेकर AIMIM ने बुलडोजर एक्शन के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है।
मलबा हटाने के बाद स्ट्रक्चर के नीचे मिला कुआं
मस्जिद के स्ट्रक्चर के नीचे कुआं मिलने के बाद, सहारनपुर कलेक्ट्रेट में बनी अवैध मस्जिद को गिराने के एक्शन पर SDM सदर सुबोध कुमार ने कहा, 'हमने यह एक्शन अदालत के आदेश का पालन करते हुए किया है। इसी दौरान, यहां एक कुआं मिला है। संबंधित एजेंसियां इसकी जांच करेंगी और बताएंगी कि यह कुआं कितना बड़ा है।'
ईंटों से बना हुआ है कुएं का स्ट्रक्चर
SDM सदर सुबोध कुमार आगे बोले कि टेक्निकल टीमों की पड़ताल के बाद ही सब कुछ स्पष्ट हो पाएगा। यह ईंटों से बना कुआं है और इसका स्ट्रक्चर भी ईंटों से ही बना है। पहली नजर में तो यह कुआं ही लग रहा है।
7 सितंबर को सहारनपुर जाएगा सपा का डेलिगेशन
दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी ने बुलडोजर एक्शन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 7 सितंबर को समाजवादी पार्टी का एक डेलिगेशन सहारनपुर जाएगा। डेलिगेशन कलेक्ट्रेट का भी दौरा करेगा, जहां मस्जिद को गिराया गया है। डेलिगेशन ने शामिल सभी नेता पहले पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान के घर पर जमा होंगे। इसके बाद यहां से कलेक्ट्रेट जाएंगे।
सहारनपुर जाने वाले सपा डेलिगेशन की लिस्ट
- लाल बिहारी यादव, नेता प्रतिपक्ष, विधान परिषद
- चौधरी अब्दुल वाहिद, जिलाध्यक्ष
- हाजी नवाब अंसारी, महानगर अध्यक्ष
- हरेंद्र मलिक, सांसद
- इकरा हसन, कैराना सांसद
- चौधरी रूद्रसेन, राष्ट्रीय महासचिव
- हाजी फजलुर्रहमान, पूर्व सांसद
- अतुल प्रधान, सरधना विधायक
- आशु मलिक, विधायक
- उमर अली, विधायक
- रामऔतार सैनी, विधायक
- किरन पाल कश्यप, MLC
- माविया अली, पूर्व विधायक
- राहुल भारती, अध्यक्ष, सपा SC मोर्चा
- मांगेराम कश्यप, पूर्व राज्यमंत्री
- जिया चौधरी, जिलाध्यक्ष, मुजफ्फरनगर
ओवैसी और कांग्रेस ने भी उठाया मस्जिद का मुद्दा
गौरतलब है कि असदुद्दीन ओवैसी भी सहारनपुर मस्जिद मामले को लेकर योगी सरकार पर हमलावर हैं। असदुद्दीन ओवैसी ने आरोप लगाया है कि मस्जिद कलेक्ट्रेट दफ्तर बनने से पहले बनी थी। लेकिन योगी सरकार मस्जिदों को तोड़ रही है। वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने एक बार फिर दावा किया कि प्रशासन ने जल्दबाजी में मस्जिद को गिरा दिया। इसके लिए वो सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।
ये भी पढ़ें- 'मस्जिदों को अवैध बताकर ध्वस्त करना तुरंत रोकें', बसपा सुप्रीमो मायावती ने की यूपी सरकार से मांग