1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को जान से मारने की धमकी, लश्कर-ए-झांगवी के नेता के नाम से आया फोन

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को जान से मारने की धमकी, लश्कर-ए-झांगवी के नेता के नाम से आया फोन

रवनीत सिंह बिट्टू को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि लश्कर-ए-झांगवी के नेता मलिक इशहाक के नाम से फोन आया था।

रवनीत सिंह बिट्टू को मिली धमकी- India TV Hindi
Image Source : PTI रवनीत सिंह बिट्टू को मिली धमकी

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इनपुट के मुताबिक, यह धमकी पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-झांगवी के नेता मलिक इशहाक के नाम से फोन के जरिए दी गई है।

फोन पर धमकी देने वाले व्यक्ति रवनीत सिंह बिट्टू से कहा, "1 किलो का डब्बा तुम्हारे लिए तैयार रखा हुआ है। जब भी वह उनके 'जाड़ के नीचे' आग गए, उस समय काम काम कर देंगे, जिसमें कई लोग मारेंगे।"

रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमले का दावा

इससे पहले, रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमले की खबर सामने आई थी। बिट्टू ने दावा किया था कि पंजाब के बटाला के पास आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर कथित तौर पर हमला किया। यह घटना उस समय हुई, जब बिट्टू पठानकोट में बीजेपी की ओर से आयोजित मादक पदार्थ विरोधी यात्रा में शामिल होने जा रहे थे।

बिट्टू के मुताबिक, 100 से अधिक AAP कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर पत्थर और अंडे फेंके। उन्होंने दावा किया कि हमले में काफिले के दो वाहनों के शीशे टूट गए और जैमर वाहन को भी नुकसान पहुंचा। बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि काफिला जब बटाला के पास धीमा हुआ, उसी दौरान उस पर हमला किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूरी घटना के दौरान स्थानीय पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

गृह मंत्रालय को जानकारी देने का दावा

बिट्टू ने कहा कि अगर उन्हें या उनके साथ चल रहे लोगों को कोई नुकसान होता है तो इसके लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) जिम्मेदार होंगे। उन्होंने दावा किया कि घटना की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि बिट्टू की सुरक्षा टीम ने घटना के बाद तीन लोगों को पकड़ा है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं। वह पठानकोट में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा शुरू की जा रही मादक पदार्थ विरोधी यात्रा में शामिल होने जा रहे थे।

ये भी पढ़ें-

LPU में अफवाह से मचा बवाल! छात्रों के प्रदर्शन और तोड़फोड़ के बाद यूनिवर्सिटी ने कहा- खबर पूरी तरह झूठी

बिहार के DGP विनय कुमार ने लिया VRS, अब संभालेंगे मुख्य सूचना आयुक्त की जिम्मेदारी