पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार तड़के छात्रों के प्रदर्शन और परिसर में तोड़फोड़ के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही खबरों और अफवाहों को पूरी तरह झूठा, निराधार और मनगढ़ंत बताया है। विश्वविद्यालय ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने और केवल आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। वहीं, पंजाब की चिटकारा यूनिवर्सिटी में भी छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया है।
LPU की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने जारी बयान में कहा कि विश्वविद्यालय के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पूरी तरह झूठी, निराधार और मनगढ़ंत अफवाहें फैला रहे हैं। इससे छात्रों के बीच अनावश्यक भ्रम पैदा हो रहा है और विश्वविद्यालय के शांतिपूर्ण शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय ने कहा कि इस तरह की झूठी और भ्रामक सूचनाओं को व्यवस्थित तरीके से प्रसारित किया जाना विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और उसकी छवि खराब करने का सुनियोजित प्रयास प्रतीत होता है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में प्रसारित की जा रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है।
छात्रा से कथित दुष्कर्म की अफवाह के बाद प्रदर्शन
यह बयान उस समय आया है जब सोशल मीडिया पर एक महिला छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म की अपुष्ट खबर फैलने के बाद एलपीयू परिसर में बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो गए। छात्रों ने प्रदर्शन किया और परिसर में तोड़फोड़ की। जालंधर-फगवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग को भी कुछ समय के लिए बाधित किया गया।
पुलिस के अनुसार, उसे छात्रा के साथ दुष्कर्म जैसी किसी घटना की सूचना नहीं मिली है। कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गौरव तूरा ने बताया कि पुलिस को रात करीब 1:45 बजे एलपीयू परिसर में छात्रों के जुटने और सड़क बाधित किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस को पता चला कि छात्रों के बीच कुछ अफवाहें फैल रही थीं।
SSP ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत की। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जुड़ी कुछ समस्याओं और अपनी शिकायतों का उचित तरीके से समाधान नहीं होने की बात कही। पुलिस ने उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुलझाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, स्थिति अब नियंत्रण में है।
परिसर में तोड़फोड़, भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन के दौरान परिसर में खिड़कियों के शीशे और गमले तोड़े जाने एवं कुछ वस्तुओं में आग लगाए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। पुलिस ने बताया कि संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें-
बिहार के DGP विनय कुमार ने लिया VRS, अब संभालेंगे मुख्य सूचना आयुक्त की जिम्मेदारी
नायब सैनी का बड़ा बयान, बोले- पंजाब में SAD से गठबंधन नहीं, जनता के समर्थन से सरकार बनाएगी BJP