अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में एक छात्र की स्कूल के स्विमिंग पूल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना को लेकर मृतक छात्र की मां ने गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्र की मां का कहना है कि स्कूल प्रबंधन ने घटना के बाद उनके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद स्कूल प्रबंधन के लोग परिवार के संपर्क से बाहर हो गए। फिलहाल मृतक की मां ने घटना की जांच की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भी कहा है कि मामले की जांच की जा रही है।
12वीं के छात्र की मौत
पुलिस के मुताबिक पूरा मामला जीटी रोड स्थित शुभम एन्क्लेव के श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का है। यहां शुक्रवार की शाम स्विमिंग पूल में कक्षा 12 के एक छात्र की मौत हो गई। मृत छात्र की मां सुनीता ने मौत के बाद स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। छात्र की मां ने बताया कि उनका बेटा आर्यन स्कूल में आयोजित एक तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने गया था। आरोप है घटना के बाद आर्यन को रात करीब 8 बजे नोवा मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां की ने जांच की मांग
छात्र की मां सुनीता ने बताया कि स्कूल प्रबंधन के सदस्य लड़के को भर्ती कराने के बाद अस्पताल से चले गए और बाद में परिवार के संपर्क से बाहर हो गए। उनका दावा है कि परिवार को स्विमिंग पूल के अंदर आर्यन की मौत के सटीक कारणों के बारे में सूचित नहीं किया गया। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस की टीम
वहीं पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। एसीपी ईस्ट रविंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि उन्हें आश्चर्य है कि स्कूल प्रबंधन या परिवार में से किसी ने भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को नहीं दी। उन्होंनें कहा कि मामले की गहनता से जांच जरूरी है। हालांकि घटना के बाद से स्कूल का संचालन करने वाले चीफ खालसा दीवान (सीकेडी) के पदाधिकारियों ने घटना पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है।
यह भी पढ़ें-
महाराष्ट्र: पिंपरी चिंचवड में जहरीली शराब से 14 लोगों की मौत, तीन पुलिस कर्मी सस्पेंड, घटना की 5 खास बातें