1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. लुधियाना में दो गैंगस्टर पुलिस एनकाउंटर में ढेर, दोनों तरफ से 25 राउंड फायरिंग

लुधियाना में दो गैंगस्टर पुलिस एनकाउंटर में ढेर, दोनों तरफ से 25 राउंड फायरिंग

लुधियाना पुलिस और एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ​​के साथ मुठभेड़ में गैंगस्टर डोनी बल के दो शूटर मारे गए। ये दोनों आतम नगर में एक ब्लड डोनेशन कैंप में जा रहे थे, जहां उनका मकसद वहाँ मौजूद लोगों पर गोली चलाना था।

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस- India TV Hindi
Image Source : REPORTER घटनास्थल पर जांच करती पुलिस

लुधियाना में रविवार को शाम के वक़्त आत्मा पार्क के बाहर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो गैंगस्टर मारे गए। पुलिस के मुताबिक दोनों मोटरसाइकिल पर सवार थे और एक ब्लड डोनेशन कैंप में कुछ लोगों को निशाना बनाने के लिए पहुंचे थे। पुलिस उनका पीछा कर रही थी, इसी दौरान आत्म नगर के पास मुठभेड़ हो गई। 

दोनों तरफ से 25 राउंड फायरिंग

पुलिस के अनुसार, गैंगस्टरों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। दोनों तरफ से करीब 20 से 25 राउंड फायर हुए। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा भी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। 

डोनी बल गैंग से जुड़े थे बदमाश

पुलिस कमिश्नर के मुताबिक दोनों गैंगस्टर डोनी बल गैंग से जुड़े थे और उनके तार कुछ साल पहले हुए रवि ख्वाजके मर्डर केस से जुड़े विरोधी गैंग से थे। दोनों के पास एडवांस हथियार थे और वे अमृतसर से जुड़े बताए जा रहे हैं।  

पुलिस ने दी ये जानकारी

लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि अमृतसर के रहने वाले ये बदमाश मोटरसाइकिल से ब्लड डोनेशन कैंप के पास पहुंचे थे। लुधियाना पुलिस और AGTF की टीम ने पहले से ही जाल बिछा रखा था। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और गोलीबारी में दोनों आरोपी मारे गए। मुठभेड़ के दौरान करीब 25 राउंड फायरिंग हुई और पुलिस की गाड़ी पर भी गोलियां लगीं। आरोपियों के पास अत्याधुनिक, पूरी तरह से लोड किए गए ऑटोमैटिक 9mm हथियार थे।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दोनों शूटर पिछली रात ही लुधियाना पहुंचे थे और रविवार को कैंप को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। उन्हें वांटेड गैंगस्टर डोनी बल ने वहां मौजूद लोगों पर गोली चलाने का काम सौंपा था, लेकिन हमला करने से पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। हथियार भी डोनी बल ने ही उपलब्ध कराए थे। CP शर्मा ने कहा कि पुलिस मुठभेड़ में देवेंद्र बंबीहा के मारे जाने के बाद, माना जाता है कि इस गैंग को डोनी बल चला रहा है, जो विदेश से ऑपरेट कर रहा है। इससे पहले फरवरी में गुरदासपुर जिले में ASI और होमगार्ड के हत्यारे को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया था।  

रिपोर्टः तुषार भारती

ये भी पढ़ेंः पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, पहले मिल चुकी थी जान से मारने की धमकी; CCTV में कैद वारदात