मानसा: पंजाब के मानसा से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। वार्ड नंबर-3 में एक महिला ने कथित तौर पर अपने तीन नाबालिग बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आखिर इस सामूहिक मौत के पीछे क्या वजह रही, इसका पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है।
चार साल पहले हुआ पति का निधन
दरअसल, मानसा के वार्ड नंबर-3 में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने पहले अपने तीन नाबालिग बच्चों की जान ली और इसके बाद खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि महिला के पति का करीब चार वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बाद वह अपनी सास और तीन बच्चों के साथ किराये के मकान में रह रही थी। मृतकों में दो बेटियां और डेढ़ साल का एक मासूम बेटा शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी-2 की पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका है कि बच्चों को पहले किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कराया गया और बाद में उनकी गला दबाकर हत्या की गई। इसके बाद महिला ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की जांच कर रही पुलिस
जांच अधिकारी कुलवंत सिंह का कहना है कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल इस दर्दनाक घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। (इनपुट- प्रवीण)
यह भी पढ़ें-
शख्स ने हथियार के साथ बनाई रंगबाजी वाली VIDEO, बाद में देने लगा सफाई; पुलिस ने किया गिरफ्तार