1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हैदराबाद में DSP के घर रेड में 200 करोड़ की जायदाद का खुलासा, 2 किलोग्राम सोने के गहने, 20 KG चांदी, कई लग्जरी फ्लैट-विला और 50 एकड़ से ज्यादा जमीन के कागजात बरामद

हैदराबाद में DSP के घर रेड में 200 करोड़ की जायदाद का खुलासा, 2 किलोग्राम सोने के गहने, 20 KG चांदी, कई लग्जरी फ्लैट-विला और 50 एकड़ से ज्यादा जमीन के कागजात बरामद

 Reported By: T Raghavan Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jul 03, 2026 07:33 am IST,  Updated : Jul 03, 2026 07:33 am IST

हैदराबाद के एक पुलिस अधिकारी की संपत्ति की लिस्ट देखकर जांच एजेंसियां भी हैरान रह गईं। रेड में पता चला कि DSP ने करप्शन से 200 करोड़ की जायदाद जमा कर ली थी।

dsp sankireddy bheem reddy booked - India TV Hindi
ACB रेड में DSP संकीरेड्डी भीम रेड्डी का भ्रष्टाचार उजागर। Image Source : REPORTERS INPUT

तेलंगाना के एक डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस संकीरेड्डी भीम रेड्डी पर अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं ज्यादा संपत्ति जमा करने का आरोप है। इसमें विला, लग्जरी अपार्टमेंट, कमर्शियल प्रॉपर्टी, 50 एकड़ से अधिक जमीन, कैश, सोना और निवेश शामिल हैं। इसके बाद एंटी-करप्शन ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया और गुरुवार को 16 जगहों पर छापेमारी की।

DSP के दोस्तों, रिश्तेदारों और 15 अन्य ठिकानों पर मारी छापेमारी

ACB ने हैदराबाद में पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज के DSP संकीरेड्डी भीम रेड्डी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) की धारा 13(1)(b) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने अपनी नौकरी के दौरान भ्रष्टाचार और गलत तरीकों से अपनी ज्ञात आय से ज्यादा संपत्ति बनाई। उनके घर और उनके रिश्तेदारों, दोस्तों, कथित बेनामीदारों और सहयोगियों से जुड़ी 15 अन्य जगहों पर छापेमारी की गई।

प्लॉट, फ्लैट और पेंटहाउस वाला घर होने की मिली जानकारी

मिली संपत्तियों में इब्राहिमबाग में वेसेला मीडोज में एक विला, टेलीकॉम नगर में पेंटहाउस वाला G+2 घर और एक और फ्लैट, गचीबोवली में क्रांति सियोन अपार्टमेंट्स में एक फ्लैट, तेल्लापुर में दो फ्लैट, मणिकोंडा में लैंकोहिल्स रोड पर G+5 कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में एक हिस्सा, मणिकोंडा मरिचेट्टू जंक्शन के पास 3 हजार वर्ग फीट कमर्शियल जगह और नागोल, पटनचेरु, प्रगति रिसॉर्ट्स और मोमिनपेट में कई खाली प्लॉट शामिल हैं।

तेलंगाना-कर्नाटक में जमीन और निवेश का भी हुआ खुलासा

ACB को संगारेड्डी जिले के जहीराबाद में 3.5 एकड़ कृषि भूमि, कर्नाटक में 6 एकड़ और 38 एकड़ जमीन, बेंगलुरु के पास देवनहल्ली में एक एकड़, विकाराबाद जिले के मोमिनपेट में दो एकड़ और मुचिंताला गांव में 4.20 एकड़ जमीन से जुड़े दस्तावेज भी मिले। जांचकर्ताओं ने ये भी पता लगाया कि इस अधिकारी ने राघवेंद्र रॉक सैंड मिनरल्स में 75 लाख रुपये के निवेश का भी किया है।

43 लाख कैश भी हुआ बरामद

छापेमारी के दौरान, ACB की जांच टीम ने अधिकारी के घर से लगभग 3.6 लाख रुपये कैश और एक कथित बेनामीदार के घर से 40 लाख रुपये कैश बरामद किया।  उन्हें लगभग दो किलोग्राम वजन के सोने के गहने, लगभग 20 किलोग्राम वजन की चांदी की चीजें और करीब 19.91 लाख रुपये का बैंक बैलेंस भी मिला।

शराब की 23 बोतलें भी रेड में मिलीं

ACB ने कहा कि अचल संपत्तियों की बाजार कीमत उनके रजिस्टर्ड मूल्य से कई गुना ज्यादा हो सकती है। टीम को अधिकारी के घर पर विदेशी शराब की 23 बोतलें भी मिलीं और उन्होंने आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को सूचित किया। अतिरिक्त संपत्तियों की जांच-पड़ताल चल रही है और मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- विजिलेंस की रेड में 2 अफसरों के ठिकानों से मिला खजाना, घर की हालत देख कोई सोच भी नहीं सकता था

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत