A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. न कोई झगड़ा, न कोई मेलजोल... राजस्थान में राह चलती लड़की पर खिड़की से फेंक दी तेजाब की बोतल, हाथ-पैर झुलसे

न कोई झगड़ा, न कोई मेलजोल... राजस्थान में राह चलती लड़की पर खिड़की से फेंक दी तेजाब की बोतल, हाथ-पैर झुलसे

23 वर्षीय युवती बाजार जाने के लिए घर से निकली थी कि कुछ ही दूरी पर उसी मोहल्ले के हासन ने अपने घर की ऊपरी मंजिल की खिड़की से तेजाब से भरी कांच की बोतल युवती पर फेंक दी। युवती दर्द के मारे चीखने लगी।

rajasthan acid attack- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT घटनास्थल पर फैला तेजाब।

राजस्थान के फलोदी शहर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां सामान खरीदने जा रही एक युवती पर तेजाब फेंकने की वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। शहर के खादी भवन क्षेत्र में मंगलवार को हुई इस घटना के बाद शहर में सनसनी का माहौल हो गया है।

घर से निकलते ही हुई घटना

पीड़िता के पिता की ओर से दी गई रिपोर्ट के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर की है जब उनकी 23 वर्षीय बेटी बाजार जाने के लिए घर से निकली थी। घर से कुछ ही दूरी पर उसी मोहल्ले के निवासी हासन नामक युवक ने अपने घर की ऊपरी मंजिल की खिड़की से तेजाब से भरी कांच की बोतल युवती पर फेंक दी।

दर्द से चीखने लगी युवती

तेजाब के हल्के छींटे युवती के हाथ-पैर और पीठ पर पड़ गए जिससे वह दर्द के मारे चीखने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद युवती को फलोदी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। 

आरोपी को लेकर क्या बोला पीड़ित परिवार?

घटना की खबर आग की तरह फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर फलोदी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। तेजाब हमले में युवती के हाथ और पैर झुलस गए हैं। गनीमत रही कि एसिड युवती के सिर और आंख में नहीं गया, नहीं तो बड़ी दिक्कत हो सकती थी। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी हासन से उनका कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है, न ही कोई आपसी मेलजोल है।

तेजाब की फूटी बोतल बरामद

इस दिल दहला देने वाली घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। घटनास्थल से तेजाब की फूटी हुई बोतल और बिखरे हुए एसिड के सबूत भी इकट्ठा किए हैं।

(रिपोर्ट- चंद्रशेखर व्यास)

यह भी पढ़ें-

गुजरात में महिला होमगार्ड पर ऑटोरिक्शा चालक ने फेंका तेजाब, वाहन गलत खड़ा करने पर लगाई थी फटकार

शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने पर लड़की के चेहरे पर डाला तेजाब, फिर खुद किया आत्महत्या का प्रयास