1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. साधु बनकर ठगी, घर में शुद्धि के नाम पर महिलाओं को बेहोश कर गायब कर देता था कीमती गहने-VIDEO

साधु बनकर ठगी, घर में शुद्धि के नाम पर महिलाओं को बेहोश कर गायब कर देता था कीमती गहने-VIDEO

आरोपी ढोंगी बाबा महिलाओं को खाने में कोई वस्तु देता था, जिससे वह बेहोश हो जाती थीं। इसके बाद वह उनके गहने उतार कर मौके से फरार हो जाता था।

ढोंगी बाबा को जालंधर से किया गया गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ढोंगी बाबा को जालंधर से किया गया गिरफ्तार

राजस्थान के अजमेर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अलवर गेट थाना पुलिस ने साधु का वेश धारण कर लोगों से धर्म के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब निवासी परविंदर सिंह के रूप में हुई है।

 खुद को बाबा बताकर लोगों को विश्वास में लेता था

आरोपी खुद को बाबा बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। धार्मिक अनुष्ठान तथा चमत्कार का झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। घर में निगेटिविटी होने का झांसा देता था। इन सब दुखों को सही करने और घर को शुद्ध करने का प्रलोभन देता था।

महिलाओं के बेहोश होते ही उनके गहने चोरी करता था

पुलिस के अनुसार, धोलाभाटा निवासी मंजू सिंह ने अलवर गेट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि साधु के वेश में आए आरोपी ने उन्हें खाने के लिए कोई वस्तु दी, जिसे खाने के बाद वह बेसुध हो गईं। इसका फायदा उठाकर आरोपी उनके गहने लेकर मौके से फरार हो गया।

जालंधर से आरोपी को किया गया गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत पर अलवर गेट थाना पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी परविंदर सिंह को जालंधर से गिरफ्तार कर अजमेर लाया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेजा गया है।

किसी और जिले में तो नहीं की ऐसी ठगी!

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अजमेर या अन्य जिलों में इसी तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपी को पीसी रिमांड पर लेकर पूछताछ करने में जुटी है।

ढोंगी बाबाओं से लोग हुए अलर्ट

वहीं, इस घटना के बाद से अजमेर जिले में हड़कंप मचा हुआ है। हर कोई ढोंगी बाबाओं से अलर्ट हो गया है। गांव और छोटे कस्बों में ऐसे बाबा कुछ ज्यादा ही घूम रहे हैं। इस घटना के बाद से लोग सतर्क हो गए हैं। किसी ऐसे बाबा के झांसे में आने से खुद भी बच रहे हैं। साथ ही दूसरों को भी सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।

अजमेर से राजकुमार वर्मा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

घर में घुसने के शक में युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, चप्पलों की माला पहनाई, बाल और मूंछ भी काटी

फिरोजाबाद की बारात में डांस को लेकर 'महाभारत'! लोगों ने एक-दूसरे पर चलाए लात-घूंसे और डंडे, वीडियो वायरल