1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फिरोजाबाद की बारात में डांस को लेकर 'महाभारत'! लोगों ने एक-दूसरे पर चलाए लात-घूंसे और डंडे, वीडियो वायरल

फिरोजाबाद की बारात में डांस को लेकर 'महाभारत'! लोगों ने एक-दूसरे पर चलाए लात-घूंसे और डंडे, वीडियो वायरल

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 28, 2026 06:16 pm IST,  Updated : Jun 28, 2026 06:46 pm IST

फिरोजाबाद में आई बारात में लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें 1 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गया। इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

firozabad fight video- India TV Hindi
फिरोजाबाद की शादी में डांस को लेकर हुआ विवाद। Image Source : REPORTERS INPUT

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर आप भी कहेंगे कि ये शादी है या अखाड़ा! दरअसल, यहां एक बारात में ऐसी 'महाभारत' छिड़ी कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और लाठी-डंडे चल गए। इस खूनी संग्राम का एक लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एटा से फिरोजाबाद आई थी बारात

ये घटना फिरोजाबाद के थाना फरिहा क्षेत्र के गांव मढ़ाह की है। जानकारी के मुताबिक, एटा जिले के गांव नगला मीणा से एक बारात यहां आई थी। सबकुछ ठीक चल रहा था, लेकिन तभी बारात में डांस करने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।

मारपीट में 1 बाराती गंभीर रूप से घायल

फिर, ​शादी का खुशनुमा माहौल पल भर में रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस मारपीट और संग्राम में एक बाराती गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

वीडियो में लाठी चलाते दिखे बाराती

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बड़ी संख्या में लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे और लाठी-डंडों चला रहे हैं। एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। इस दौरान, मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया, लेकिन परिस्थितियां इतनी बिगड़ चुकी थीं कि विवाद तुरंत शांत नहीं हुआ। इसकी वजह से शादी समारोह में मौजूद बच्चों और महिलाओं में भी अफरा-तफरी मच गई।

डांस को लेकर मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदला

चश्मदीदों के मुताबिक, बारात में डांस को लेकर विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि किसी को संभलने का चांस ही नहीं मिला। डांस को लेकर शुरू हुई कहासुनी जरा देर में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। फिर, दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के ऊपर टूट पड़े। इस दौरान, कुछ लोग किनारे भी हो गए और तमाशबीन बने रहे।

वीडियो के आधार पर की जा रही आरोपियों की पहचान

इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस मामले में केस दर्ज नहीं किया है, मामले की जांच चल रही है। वायरल वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट- लवकुश शर्मा)

ये भी पढ़ें- 33 मुकदमों वाले गैंगस्टर को चढ़ा रील का बुखार, सोशल मीडिया पर 43 दिन में पोस्ट किए 25 वीडियो; पुलिस ने लिया दबोच

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।