UP के जनपद हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस की गोकश गिरोह से मुठभेड़ हुई है। गुप्त सूचना पर की जा रही पुलिस की गश्त और चेकिंग के दौरान गोकशी का प्रयास कर रहे शातिर बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से की गई फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस जवाबी फायरिंग में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि पावटी गांव के पास स्थित आम के बाग में कुछ लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस ने 6 बदमाशों को दबोचा
गोली लगने से घायल आरोपियों की पहचान नईम निवासी हापुड़ नगर, जमील निवासी देहली गेट, मेरठ और बिलाल निवासी मसूरी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके तीन साथियों मोहम्मद परवेज निवासी लिसाड़ी गेट, मेरठ, सोनू निवासी गढ़मुक्तेश्वर और आहत निवासी मसूरी, गाजियाबाद को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जीवित गोवंश बरामद किया। इसके अलावा मौके से 315 बोर के तीन अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस मिले हैं। पुलिस ने पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से एक दिल्ली नंबर की होंडा सिटी कार और एक पैशन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी पहले से कई गंभीर मामलों में नामजद
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार और मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कथित तौर पर गोकशी के बाद मांस की सप्लाई और मौके से फरार होने के लिए किया जाना था। बरामद सामान और वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मुठभेड़ के दौरान घायल तीनों आरोपियों को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहले से कई गंभीर मामलों में नामजद रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ हापुड़, मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, कुशीनगर और हरियाणा के अलग-अलग थानों में करीब चार दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोकशी, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे मामले शामिल हैं। गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
(रिपोर्ट: निशांक शर्मा)
यह भी पढ़ें:
मेरठ में बोनट पर पत्नी को डालकर दौड़ाई कार, 'भैया बचाओ' की लगाती रही गुहार; Video हुआ वायरल
पत्नी से विवाद के बाद 130 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने कराई सुलह तो उतरा नीचे