यूपी के कानपुर में रावतपुर थाना क्षेत्र में महंत पर जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे गैंगस्टर अजय ठाकुर को आखिरकार कानपुर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे रतनलाल नगर स्थित एक कार वॉशिंग सेंटर के पास से दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान, अजय ठाकुर ने एनकाउंटर के डर से जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहा कि यदि उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में लेकर सरकारी वाहन से थाने पहुंचाया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
कई हफ्ते से पुलिस कर रही थी गैंगस्टर की तलाश
पुलिस के अनुसार, अजय ठाकुर के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट, धमकी, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पिछले कई सप्ताह से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
महंत भोला गिरी पर किया था जानलेवा हमला
बताते चलें यह पूरा मामला 29 अप्रैल का है, जब केशवपुरम स्थित त्रिलोकी धाम आश्रम के महंत रविकांत शुक्ला उर्फ भोला गिरी पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया था। महंत का आरोप है कि अजय ठाकुर अक्सर आश्रम के पास रहने वाली एक छात्रा से मिलने आता था। उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी रंजिश के चलते अजय अपने साथियों के साथ आश्रम पहुंचा और हमला कर दिया। महंत ने किसी तरह कमरे में भागकर अपनी जान बचाई, जबकि हमलावरों ने आश्रम परिसर में पथराव भी किया। इस मामले में पुलिस ने अजय ठाकुर, उसकी कथित गर्लफ्रेंड और उसकी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
फरारी में भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करता रहा रील
इस दौरान फरारी के वक्त भी अजय ठाकुर लगातार बेखौफ होकर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहा। बताया जाता है कि उसने करीब 43 दिनों में सोशल मीडिया पर 25 रील पोस्ट कीं, जिनमें वह कई लग्जरी वाहनों के काफिले के साथ दिखाई दिया। कुछ वीडियो में वह चलती गाड़ियों की छत पर स्टंट करता नजर आया, जबकि एक वीडियो शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र में कार की बोनट पर खड़े होकर धूम्रपान करते हुए रिकॉर्ड किया गया था। इन वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों को भी जांच का हिस्सा बनाया और उसके खिलाफ अतिरिक्त कार्रवाई की।
गैंगस्टर के नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस
फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ दर्ज सभी मामलों में विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। साथ ही, उसके अन्य साथियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद शहर में गैंगस्टर की गतिविधियों और सोशल मीडिया के जरिए बनाए गए उसके प्रभाव को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें- VIDEO: लड़के ने बुजुर्ग पिता को सड़क पर घसीटकर पीटा, पीड़ित ने सुनाई आपबीती