1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: लड़के ने बुजुर्ग पिता को सड़क पर घसीटकर पीटा, पीड़ित ने सुनाई आपबीती

VIDEO: लड़के ने बुजुर्ग पिता को सड़क पर घसीटकर पीटा, पीड़ित ने सुनाई आपबीती

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 27, 2026 04:38 pm IST,  Updated : Jun 27, 2026 04:39 pm IST

कानपुर में एक बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता को सड़क पर घसीटकर पीटा। इसका वीडियो पड़ोस में रहने वाले किसी शख्स ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

kanpur father beating- India TV Hindi
कानपुर में एक बेटे ने कथित तौर पर पिता की पिटाई कर दी। Image Source : REPORTERS INPUT

रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक शख्स अपने ही बुजुर्ग पिता के साथ बेरहमी से मारपीट करता और उन्हें सड़क पर घसीटता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

पीड़ित पिता ने बेटे पर लगाए गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव निवासी 60 वर्षीय रमाशंकर गुप्ता, जो होमगार्ड कमांडर के पद से सेवानिवृत्त हैं, ने आरोप लगाया है कि उनका मंझला बेटा सर्वेश, जो वर्तमान में बीएसएफ में तैनात है, छुट्टी पर घर आया था। घर आने के बाद उसने पिता पर पुश्तैनी जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

आरोपी ने पिता को सड़क पर घसीटा

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने जमीन अपने बेटे के नाम करने से इनकार किया तो सर्वेश का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई की और उन्हें सड़क तक घसीटते हुए ले गया। इस दौरान, आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पिटाई का वीडियो

इस पूरी घटना का किसी स्थानीय व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। लोग इस घटना को पारिवारिक विवाद से कहीं आगे बढ़कर बुजुर्ग के साथ क्रूरता का मामला बता रहे हैं।

पीड़िता पिता ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़ित रमाशंकर गुप्ता का कहना है कि घटना के बाद वह पिछले तीन दिनों से लगातार थाना और पुलिस चौकी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि उनके पूरे शरीर पर मारपीट के निशान हैं, फिर भी उन्हें न्याय नहीं मिल पाया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने बेटे से जान का खतरा है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

पुलिस ने कही जांच के बाद कार्रवाई की बात

मामले में महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत दोनों को संज्ञान में लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस की जांच पर टिकी हैं निगाहें

वायरल वीडियो के सामने आने के बाद अब यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है। सवाल यह उठ रहा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आखिर एक बेटा अपने ही बुजुर्ग पिता के साथ इतनी बर्बरता कैसे कर सकता है। वहीं पीड़ित परिवार को अब पुलिस की निष्पक्ष जांच और न्याय का इंतजार है।

(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- लखनऊ: बीच सड़क पर शख्स ने महिला पर चाकू से किया हमला, सामने आया VIDEO; आरोपी फरार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।