नोएडा: नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में बुधवार को एक युवक के गंदे नाले में कूदने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास की है। डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि करीब 29 वर्षीय रवि नाले में कूद गया है।
शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद रवि की पत्नी ने पुलिस को बताया कि शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद रवि गुस्से में आ गया और नाले में छलांग लगा दी।
इसके बाद फायर सर्विस के जवान नाले में उतरकर युवक की तलाश में जुट गए। नाले में पानी और गंदगी अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाश में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, SDRF/NDRF की टीम को भी मौके के लिए रवाना किया गया है। फिलहाल सभी टीमें युवक की तलाश में जुटी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रेटर नोएडा से भी सामने आया था पत्नी से विवाद का मामला
हाल ही में ग्रेटर नोएडा में एक युवक ने आत्महत्या की थी। हालांकि युवक ने आत्महत्या से पहले वीडियो भी बनाया था और अपनी पत्नी पर आरोप लगाया था कि वह उसे प्रताड़ित करती थी। वीडियो में युवक ने ये आरोप भी लगाया था कि वह पत्नी द्वारा दूसरे युवकों से बातचीत की आदत से भी परेशान है। मामला बिसरख थाना क्षेत्र के मिल्क लच्छी गांव से सामने आया था। युवक कानपुर देहात का रहने वाला था और यहां ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। युवक की उम्र महज 25 साल थी। मिली जानकारी के मुताबिक, युवक ने लव मैरिज की थी।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में तमाम लोगों ने अलग-अलग वजहों से अपनी जान दे दी है। ये मामले वाकई समाज के लिए चिंता का विषय हैं। युवाओं में बढ़ रही निराशा को दूर करने के लिए जागरुकता अभियान चलाए जाने जरूरी हो गए हैं। (रिपोर्ट- राहुल ठाकुर)
ये भी पढ़ें-