उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के एक गांव में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना के समय बच्ची के माता-पिता खेत में मजदूरी करने गए थे। बच्ची पास की एक झोपड़ी में लेटी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के एक युवक ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। मासूम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
मासूम को अकेला देख की हैवानियत
बता दें कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। हालांकि, इस घटना के बाद ग्रामीण आक्रोश में हैं और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। झोपड़ी में मासूम को अकेला पाकर दरिंदे ने इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिया।
खेत में मजदूरी करने गए थे पीड़िता के माता-पिता
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि कबरई थाना क्षेत्र के एक गांव में पीआरवी के माध्यम से घटना की सूचना पुलिस को मिली कि मजदूर दंपति खेत में काम कर रहे थे और उनकी 3 साल की बेटी पास की झोपड़ी में थी। इसी दौरान, गांव के ही 25 साल के एक युवक चंदन सिंह पुत्र छोटे सिंह ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
हिरासत में लिया गया आरोपी युवक
उन्होंने कहा कि इस पर पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सबूत जमा किए हैं। एसएसपी वंदना सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कलयुगी बेटे ने नशे में किया मां का रेप
इससे पहले, हाल में हाथरस में कलयुगी बेटे ने 63 साल की अपनी मां का रेप कर दिया था। उसने नशे में धुत होकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
(इनपुट- शांतनु सोनी)
ये भी पढ़ें- नोएडा सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास नाले में कूदा युवक, मचा हड़कंप, तलाश में जुटी पुलिस और फायर टीम