भिवाड़ी की टपूकड़ा फैक्ट्री में आग, 7 मजदूरों के शव मिले, मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
भिवाड़ी खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में आग लगने से कई मजदूर जिंदा जल गए। उनके जले हुए शव मौके से बरामद किए गए हैं। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
राजस्थान के अलवर जिले में टपूकड़ा फैक्ट्री में आग लगने से कई मजदूर जिंदा जल गए। राहत और बचाव कार्य के दौरान 7 मजदूरों के शव मिले हैं। अभी भी कई मजदूर लापता हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। हादसे के वक्त फैक्ट्री में 25 मजदूर थे।भिवाड़ी खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित खुशखेड़ा गत्ता फैक्ट्री सुबह नौ बजे के आसपास आग लग गई। 9 बजकर 22 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष से रीको फायर बिग्रेड को आग लगने की जानकारी मिली। कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान फैक्ट्री से जले हुए शव मिले।
भीषण अग्निकांड में आधा दर्जन के करीब श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई। जब उनके शव बरामद किए गए तो मानव कंकाल बन गए थे। आगजनी की घटना भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट संख्या जी-1-118 बी में सोमवार सुबह हुई। आग एक निजी औद्योगिक इकाई में लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।
प्रशासन ने जांच के आदेश दिए
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगभग आधा दर्जन श्रमिकों की जलने से मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। आग इतनी भीषण थी कि कई शव मानव कंकाल जैसी अवस्था में बरामद हुए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, दमकल दल, बचाव टीम तथा चिकित्सक दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। क्षेत्र को घेराबंदी कर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। आग लगने के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्रशासन ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के संकेत दिए हैं। औद्योगिक क्षेत्र में शोक एवं दहशत का माहौल व्याप्त है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
इस घटना पर दुख जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री कार्याल की तरफ से लिखा गया, "राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना दुखद और बहुत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।"
पुलिस का बयान
पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण ने हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि मरने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अतिरिक्त जिलाधिकारी सुमिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने नियमित गश्त के दौरान कारखाने में आग लगी देखी जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा, ''कारखाने में नौ लोग फंसे हुए थे। अब तक सात शव निकाले जा चुके हैं।''
सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख
सीएम भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, "भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में आग लगने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन को राहत व बचाव कार्य के लिए निर्देशित किया है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। ॐ शांति!"
यह भी पढ़ें-
जिस कार से यात्रा कर रहे थे सांसद, उसमें अचानक लगी भीषण आग, देखते ही देखते हुई जलकर खाक
बाल-बाल बचे डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, काफिले में घुसी कार, हुई टक्कर
