1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जिस कार से यात्रा कर रहे थे सांसद, उसमें अचानक लगी भीषण आग, देखते ही देखते हुई जलकर खाक

जिस कार से यात्रा कर रहे थे सांसद, उसमें अचानक लगी भीषण आग, देखते ही देखते हुई जलकर खाक

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Feb 14, 2026 11:50 pm IST,  Updated : Feb 14, 2026 11:54 pm IST

राजस्थान के सिरोही के सांसद लुम्बाराम चौधरी जिस कार में बैठकर जा रहे थे, उसी में आग लग गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

Lumbaram Choudhary- India TV Hindi
सिरोही के सांसद लुम्बाराम चौधरी की कार आग का शिकार हुई Image Source : REPORTER INPUT

सिरोही: राजस्थान के सिरोही के सांसद लुम्बाराम चौधरी एक कार हादसे में बाल-बाल बच गए। सांसद, महाराष्ट्र के ठाणे से त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे, इसी दौरान रात 1.30 बजे उनकी चलती कार से धुआं उठने लगा। समय रहते सांसद और उनके साथ मौजूद लोग कार से नीचे उतर आए। इसके बाद कार में आग लग गई और वह जलकर खाक हो गई।

क्या है पूरा मामला?

राजस्थान के सिरोही से सांसद लुम्बाराम चौधरी महाराष्ट्र दौरे के दौरान एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। देर रात त्र्यंबकेश्वर दर्शन के लिए जाते समय उनकी कार में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई। 

गनीमत रही कि समय रहते सांसद और उनके साथ मौजूद लोग कार से नीचे उतर गए। मामला शुक्रवार देर रात करीब 1 बजकर 30 मिनट का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी महाराष्ट्र के ठाणे से त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक चलती कार से धुआं निकलने लगा। धुएं की गंध आते ही सांसद और उनके साथ मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाई और तुरंत कार से नीचे उतर गए।

बताया जा रहा है कि कार चालक ने भी तुरंत गाड़ी रोकी और सामान बाहर निकालना शुरू किया। कुछ ही पलों में धुआं आग में बदल गया और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। सांसद लुंबाराम चौधरी पूरी तरह सुरक्षित हैं। 

घटना की खबर मिलते ही उनके परिचितों और शुभचिंतकों के फोन लगातार पहुंचने लगे और सभी ने उनके कुशलक्षेम की जानकारी ली। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अंदेशा शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी का जताया जा रहा है। 

लोग कह रहे हैं कि सूझबूझ और सतर्कता ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। सांसद लुम्बाराम चौधरी सुरक्षित हैं, लेकिन यह घटना देर रात एक बड़ा हादसा बन सकती थी। फिलहाल सबसे बड़ी राहत की बात ये है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हैं। (इनपुट: सिरोही से विक्रम सिंह करणोत)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।