1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. शराब के नशे में उप जेलर ने जमकर मचाया हंगामा, सिपाही से की मारपीट; VIDEO वायरल होने के बाद गिरी गाज

शराब के नशे में उप जेलर ने जमकर मचाया हंगामा, सिपाही से की मारपीट; VIDEO वायरल होने के बाद गिरी गाज

भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर जेल में उप जेलर ने शराब पीकर हंगामा खड़ा कर दिया और अपने ही साथी एक सिपाही से मारपीट की।

शराब के नशे में उप जेलर का तांडव- India TV Hindi
Image Source : REPORTER शराब के नशे में उप जेलर का तांडव

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर जेल में तैनात उप जेलर ओमप्रकाश जाट को मंगलवार देर रात शराब के नशे में सहकर्मी सिपाही से मारपीट करने और हंगामा खड़ा करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

जेल के भीतर ही उप जेलर का हंगामा

यह घटना मंगलवार देर रात की है। जहाजपुर जेल में तैनात नागौर जिले के बागोट गांव निवासी उप जेलर ओमप्रकाश जाट (पिता रतनाराम जाट) शराब के नशे में पूरी तरह धुत्त हो गए थे। नशे में बहककर उप जेलर ने अपने ही साथी, जेल प्रहरी मोहन सिंह से गाली-गलौज और मारपीट कर दी।

जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश शराब के नशे में इतने चूर थे कि वह खुद को कानून से ऊपर समझने लगे थे। साथी के साथ मारपीट के बाद भी उनका हंगामा शांत नहीं हुआ। उप जेलर के इस हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे विभाग की किरकिरी हुई।

पुलिस ने किया गिरफ्तार, डीआईजी ने किया सस्पेंड

हंगामे की सूचना मिलते ही जहाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उप जेलर को गिरफ्तार किया। जहाजपुर थाना पुलिस ने शराब के नशे में धुत ओमप्रकाश जाट के खिलाफ शांति भंग के आरोप सहित धारा 115(2) और 126(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) में मामला दर्ज कर लिया। भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने पुष्टि की कि आरोपी ने नशे में साथी जेल प्रहरी से मारपीट की है, जिसके चलते मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की गई और उसका मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया।

मामला सामने आने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए उदयपुर-कोटा-अजमेर रेंज के उदयपुर जेल डीआईजी राजेंद्र कुमार ने आदेश जारी कर उप जेलर ओमप्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन काल के दौरान उनका मुख्यालय केंद्रीय कारागृह कोटा में रहेगा।

(रिपोर्ट- सोमदत त्रिपाठी)

ये भी पढ़ें- 

ममदानी की जीत से कैसे बदल जाएगी अमेरिका की सियासत? ट्रंप स्टाइल पॉलिटिक्स को मिला कड़ा जवाब

Photos: आस्था की भीड़ से हरिद्वार हुआ 'फुल', कार्तिक पूर्णिमा पर डुबकी लगाने उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़