A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. शराब के नशे में चाचा से मारपीट, दादा ने समझाया तो पोते ने कुल्हाड़ी उठाकर कर दी हत्या

शराब के नशे में चाचा से मारपीट, दादा ने समझाया तो पोते ने कुल्हाड़ी उठाकर कर दी हत्या

भीलवाड़ा में एक पोते ने अपने ही दादा की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। मृतक मोहनलाल बागरिया के शव का पोस्टमार्टम करेड़ा सामुदायिक अस्पताल में करवाया गया।

65 वर्षीय दादा मोहनलाल बागरिया- India TV Hindi
Image Source : REPORTER 65 वर्षीय दादा मोहनलाल बागरिया

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाना क्षेत्र के चिताम्बा पंचायत के नागा का बाड़िया गांव में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक पोते ने अपने ही दादा की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। करेड़ा थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने घटनास्थल से एफएसएल (FSL) टीम के जरिए साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले चाचा से की मारपीट

करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी श्रवण बागरिया (पोता) ने शराब के नशे में पहले अपने चाचा प्रेम बागरिया के साथ मारपीट की, जिससे चाचा घायल हो गए। जब श्रवण घर पहुंचा, तो उसके चाचा प्रेम बागरिया ने परिवारजनों को इस मारपीट के लिए उलाहना दिया।

इसी दौरान, श्रवण के 65 वर्षीय दादा मोहनलाल बागरिया ने उसे समझाया कि उसे अपने चाचा के साथ इस तरह मारपीट नहीं करनी चाहिए। दादा की यह सीख आरोपी श्रवण को नागवार गुजरी और उसने आवेश में आकर अपने ही दादा मोहनलाल बागरिया पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले से मोहनलाल बागरिया गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पोते पर हत्या का मुकदमा दर्ज

घटना की सूचना मिलने पर करेड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीलवाड़ा से एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। मृतक 65 वर्षीय मोहनलाल बागरिया के शव का पोस्टमार्टम करेड़ा सामुदायिक अस्पताल में करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आरोपी श्रवण के चाचा प्रेम बागरिया ने करेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने श्रवण बागरिया के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया है, जो जगह-जगह दबिश दे रही हैं। उन्होंने यह विश्वास जताया कि अपने ही दादा की हत्या करने वाले आरोपी श्रवण बागरिया को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(रिपोर्ट- सोमदत त्रिपाठी)

ये भी पढ़ें-

कोयंबटूर गैंग रेप के तीनों आरोपी 'हाफ एनकाउंटर' के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में सेना के जवान की हत्या, चादर मांगने पर हुआ था अटेंडेंट से विवाद