बांसवाड़ा नगर निकाय चुनाव में मतदान से पहले ही भारतीय जनता पार्टी के खाते में पहली जीत दर्ज हो गई। नामांकन वापसी के अंतिम दिन वार्ड संख्या 12 से कांग्रेस प्रत्याशी रेखा कंसारा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी सोनिया वैष्णव निर्विरोध निर्वाचित हो गईं। जीत की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा प्रत्याशी की निर्विरोध जीत के बाद वार्ड में जश्न का माहौल नजर आया। कार्यकर्ताओं ने गली-गली जीत का जुलूस निकाला और आतिशबाजी कर खुशी जताई। इस दौरान निर्विरोध विजयी हुईं सोनिया वैष्णव भी समर्थकों के साथ जमकर थिरकती नजर आईं। उन्होंने वार्डवासियों का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और समर्थन की जीत है।
कांग्रेस प्रत्याशी ने नाम वापस लिया
कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 12 से प्रत्याशी रहीं रेखा कंसारा ने अपना नाम वापस ले लिया। उनके चुनाव मैदान से हटने के बाद इस वार्ड में भाजपा के सामने कोई दूसरा उम्मीदवार शेष नहीं है। ऐसे में भाजपा की सोनिया वैष्णव ने इस वार्ड से निर्विरोध जीत लिया है। वहीं वार्ड 52 से बीएपी के उम्मीदवार मोहम्मद इरफान खान ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया है।
बांसवाड़ा में कितने उम्मीदवार चुनाव मैदान में
बांसवाड़ा नगर परिषद में 60 वार्डों पर चुनाव होंगे। गुरुवार (03 सितंबर) को नाम वापसी का आखिरी दिन था, इस दिन 25 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस लिया। जबकि बुधवार को दो उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए थे। इस तरह बांसवाड़ा नगर परिषद चुनाव के लिए कुल 27 नामांकन वापस लिए गए। इस तरह से अब 60 वार्डों में कुल 185 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
किस पार्टी के कितने उम्मीदवार
- भारतीय जनता पार्टी के 59 वार्डों में उम्मीदवार
- कांग्रेस के भी 59 वार्डों में उम्मीदवार
- भारत आदिवासी पार्टी के 19 वार्डों में उम्मीदवार
- आम आदमी पार्टी के 4 वार्डों में उम्मीदवार
- 44 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
बांसवाड़ा में किस दिन है वोटिंग
बांसवाड़ा नगर परिषद के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा। 60 वार्डों में 94,058 मतदाता वोट डालेंगे। कांग्रेस, भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
(बांसवाड़ा से राजा सोनी की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
भीलवाड़ा नगर निकाय चुनाव, 17 कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ हो गया खेला, BJP के सभी 70 वार्डों में प्रत्याशी