1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जयपुर नगर निगम में भी BJP की बड़ी जीत, सुनील कोठारी बने मेयर; जानें किसे कितने वोट मिले

जयपुर नगर निगम में भी BJP की बड़ी जीत, सुनील कोठारी बने मेयर; जानें किसे कितने वोट मिले

जयपुर नगर निगम में BJP की बड़ी जीत हुई है। बीजेपी की तरफ से सुनील कोठारी को जयपुर का मेयर चुन लिया गया है।

सुनील कोठारी बने जयपुर नगर निगम के मेयर।- India TV Hindi
Image Source : FB/SUNILKOTHARIBJP सुनील कोठारी बने जयपुर नगर निगम के मेयर।

जयपुर: इस वक्त की बड़ी खबर जयपुर से सामने आ रही है। यहां भारतीय जनता पार्टी की तरफ से सुनील कोठारी जयपुर नगर निगम के मेयर चुन लिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक भाजपा को 89 वोट मिले हैं। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी को 60 वोट, जबकि एक वोट NOTA को मिला है। बता दें कि जयपुर नगर निगम के मेयर चुनाव के लिए 150 वार्डों में मतदान हुआ था। इसकी मतगणना 15 सितंबर को हुई थी। वहीं अब पार्षदों ने मतदान कर अपना मेयर चुन लिया है। पार्षदों ने बीजेपी के सुनील कोठारी को भारी बहुमत से जयपुर नगर निगम का मेयर चुना है।

सुनील कोठारी कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात

वहीं जयपुर का मेयर चुने जाने के बाद सुनील कोठारी ने आभार व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर एक पोस्ट में सुनील कोठारी ने लिखा, "नवनिर्वाचित जयपुर महापौर सुनील कोठारी आज 25 सितम्बर 2026, सायं 7:00 बजे आप सभी कार्यकर्ताओं, मित्रों एवं परिवारजनों से स्नेहपूर्वक मुलाकात करने हेतु उपस्थित रहेंगे। स्थान: तिलक नगर एन्क्लेव, एष्टा एकेडमी के सामने, सूर्य मार्ग, तिलक नगर, LBS कॉलेज के पीछे, जयपुर। आप सभी सादर आमंत्रित हैं। कृपया पधारकर अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान करें।"

कार्यकर्ताओं का किया शुक्रिया

इससे पहले अपना नॉमिनेशन फाइल करने के बाद बीजेपी के सुनील कोठारी ने पार्टी नेताओं, चुने हुए प्रतिनिधियों और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा किया था। कोठारी ने कहा कि उन्हें जयपुर के विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उन्होंने कहा कि वह पार्टी संगठन और शहर को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और योजनाओं को हर घर तक पहुंचाएंगे। 

15 सितंबर को आए पार्षद चुनाव के नतीजे

बता दें कि जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के चुनाव में बीजेपी, कांग्रेस के साथ निर्दलीय और बागी उम्मीदवारों के बीच भी मुकाबला देखने को मिला। जयपुर नगर निगम चुनाव में इस बार करीब 24.33 लाख मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से लगभग 63.55 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। पार्षदों के चुनाव परिणाम 15 सितंबर को घोषित कर दिए गए थे, जिसके बाद से ही सभी की नजरें मेयर पद पर टिकी हुई थीं, जो आज स्पष्ट हो गया।

यह भी पढ़ें-

भाजपा की अनुसुइया गोस्वामी बनीं कोटा नगर निगम की मेयर, कांग्रेस पार्षदों ने की क्रॉस वोटिंग