Jaipur Nagar Nigam Election Result 2026 LIVE: जयपुर नगर निगम चुनाव 2026 के नतीजों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। सुबह 8 बजे से जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए डाले गए वोटों की गिनती जारी है। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की नजर अब EVM खुलने के साथ सामने आ रहे शुरुआती रुझानों पर टिकी है।
जयपुर में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। कई वार्डों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है, जबकि निर्दलीय और बागी उम्मीदवारों की मौजूदगी ने कई सीटों पर मुकाबले को त्रिकोणीय और पेचीदा बना दिया है। ऐसे में आज सामने आने वाले नतीजे जयपुर की अगली नगर सरकार की तस्वीर साफ करेंगे।
150 वार्डों में किसका बजेगा डंका?
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए हुए चुनाव में कुल 723 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें करीब 368 निर्दलीय और बागी उम्मीदवार शामिल हैं। बड़ी संख्या में निर्दलीय और बागी उम्मीदवारों के चुनाव मैदान में होने के कारण कई वार्डों के नतीजों को लेकर राजनीतिक दलों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।
इस चुनाव में जयपुर के करीब 24.33 लाख मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से लगभग 63.55 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यानी करीब 15.46 लाख लोगों ने मतदान किया। अब इन वोटों से किसके पक्ष में जनादेश निकलता है, इसका फैसला आज होगा।
21 सितंबर को होगा मेयर का चुनाव
नगर निगम चुनाव के नतीजे आने के बाद जयपुर में मेयर की कुर्सी को लेकर सियासी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। मेयर का चुनाव 21 सितंबर को, जबकि उप-महापौर का चुनाव 22 सितंबर को कराया जाएगा। यानी आज 14 सितंबर को पार्षदों के नतीजे सामने आने के बाद सभी की नजर इस बात पर होगी कि 150 वार्डों में किस दल को कितनी सीटें मिलती हैं।
इलेक्शन रिजल्ट से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़ें-