A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. VIDEO: टायर फटने से कार पर पलटा डंपर, बर्थडे मनाकर लौट रहे 4 भाइयों की हुई मौत

VIDEO: टायर फटने से कार पर पलटा डंपर, बर्थडे मनाकर लौट रहे 4 भाइयों की हुई मौत

अनियंत्रित डंपर पहले एक क्रेन से टकराया और फिर डिवाइडर फांदकर रॉन्ग साइड में चला गया। इस दौरान सामने से आ रही एक कार डंपर की चपेट में आ गई।

अनियंत्रित डंपर की चपेट में आई कार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अनियंत्रित डंपर की चपेट में आई कार

राजस्थान के बूंदी जिले में नेशनल हाईवे नंबर 52 पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सिलोर पुलिया के पास बजरी से भरे एक अनियंत्रित डंपर ने कहर बरपाते हुए एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार चार सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई।

टायर फटने से हुआ बड़ा हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब सदर थाना इलाके में हाईवे-52 पर सिलोर पुलिया के पास बजरी से भरे एक डंपर का अचानक टायर फट गया। टायर फटते ही डंपर चालक नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित डंपर पहले एक क्रेन से टकराया और फिर डिवाइडर फांदकर रॉन्ग साइड में चला गया। इस दौरान सामने से आ रही एक कार डंपर की चपेट में आ गई। डंपर कार के ऊपर जा पलटा, जिससे कार पूरी तरह बजरी के नीचे दब गई।

क्रेन और जेसीबी की ली गई मदद

हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और लोगों का भारी मजमा जमा हो गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। कार सवारों को निकालने के लिए दो क्रेन और एक जेसीबी की मदद ली गई। करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबी कार से चारों घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौसी के पोते के बर्थडे से लौट रहे थे भाई

मृतकों की पहचान के बाद सामने आया कि चारों मृतक आपस में भाई थे। वे टोंक में अपनी मौसी के पोते के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर वापस कोटा लौट रहे थे। इस खबर के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया है।

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बजरी से भरे डंपर को जब्त कर लिया है। चारों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें-

अगले 72 घंटे भारी... उत्तर भारत में घने कोहरे और शीत लहर का डबल अटैक, मौसम विभाग का ताजा अपडेट जारी

चंद सेकेंड में ही ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिरी तीन मंजिला इमारत, परेशान करने वाला है VIDEO