A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. "बहुत दूर जा रहा हूं, पता नहीं कहां", लिखकर NEET अभ्यर्थी ने किया सुसाइड; फंदे से लटकता मिला शव

"बहुत दूर जा रहा हूं, पता नहीं कहां", लिखकर NEET अभ्यर्थी ने किया सुसाइड; फंदे से लटकता मिला शव

सीकर में नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। उसके कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसमें लिखा था, 'मैं बहुत दूर जा रहा हूं, मुझे नहीं पता कि मैं कहां जा रहा हूं... सॉरी।'

नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने किया सुसाइड।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने किया सुसाइड।

सीकर: राजस्थान के सीकर में NEET की तैयारी कर रहे एक और छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स पर पढ़ाई का कितना भारी दबाव होता है, इसका एक दुखद उदाहरण सामने आया है। मंगलवार को पुलिस ने बताया कि सीकर में NEET की तैयारी कर रहे 22 साल के एक स्टूडेंट ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक स्टूडेंट की पहचान उमेश के तौर पर हुई है, जो मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम (NEET) की तैयारी के लिए एक प्राइवेट रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में रह रहा था। 

छात्र के कमरे से मिला सुसाइड नोट

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्र ने छत से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छत से लटकने के लिए उसने 'चुन्नी' का इस्तेमाल किया। सूचना मिलते ही उद्योग नगर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने उमेश के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया। पुलिस ने बताया कि उमेश के सुसाइड नोट में लिखा था, "मैं बहुत दूर जा रहा हूं, मुझे नहीं पता कि मैं कहां जा रहा हूं... सॉरी।" हालांकि घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की वजहों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

दोबारा आयोजित की जाएगी NEET परीक्षा

बता दें कि इससे पहले NEET-UG 2026 की परीक्षा को पेपर लीक की वजह से रद्द कर दिया गया था। वहीं अब 21 जून, 2026 को इस परीक्षा का दोबारा आयोजन किया जाएगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक विवादों के कारण 3 मई की परीक्षा रद्द होने के बाद यह दोबारा परीक्षा तय की है। इस बीच, केंद्र सरकार ने भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल पर 22 जून तक रोक लगा दी है; इस अवधि में NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा का दिन और उसके ठीक बाद का समय भी शामिल है।

कोटा का दौरा करेंगे राहुल गांधी

छात्र के सुसाइड की घटना कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 17 जून को पड़ोसी कोचिंग हब कोटा के प्रस्तावित दौरे से ठीक एक दिन पहले हुआ है। राहुल गांधी एक हाई-प्रोफाइल इंटरैक्टिव प्रोग्राम में हिस्सा लेने वाले हैं, जो खास तौर पर देश में छात्रों की आत्महत्या के बढ़ते संकट और युवा उम्मीदवारों में बढ़ती चिंता को संबोधित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- 

किसी फिल्मी सीन से कम नहीं है ये एक्सीडेंट, आपस में कई गाड़ियां टकराईं; VIDEO आया सामने