A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. झुंझुनूं में मिट्टी में दबा मिला लड़की का कंकाल, पास में जगह-जगह मोटरसाइकिल के पुर्जे भी दफन, क्षेत्र में फैली सनसनी

झुंझुनूं में मिट्टी में दबा मिला लड़की का कंकाल, पास में जगह-जगह मोटरसाइकिल के पुर्जे भी दफन, क्षेत्र में फैली सनसनी

झुंझुनूं में कांटली नदी के बहाव क्षेत्र में दफ्न कंकाल को कुत्तों ने खोदकर बाहर निकाल लिया। कानों में बालियां मिलने के कारण कंकाल लड़की का माना जा रहा है।

human skeleton found- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT झुंझुनूं में नदी किनारे मिला कंकाल।

झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के नाटास गांव में कांटली नदी के बहाव क्षेत्र से सोमवार को एक महिला का कंकाल मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कंकाल करीब 8-10 दिन पुराना बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार कंकाल मिट्टी में दबा हुआ था, जिसे श्वानों ने नोचकर बाहर निकाल दिया। मौके से गुजर रहे लोगों की नजर पड़ते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

कंकाल के कानों में मिलीं बालियां

सूचना मिलते ही थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू की। कंकाल के कानों में बालियां मिलने से आशंका जताई जा रही है कि यह किसी युवती या महिला का हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच के बाद ही होगी।

Image Source : reporter inputमोटरसाइकिल के पुर्जे बरामद।

कंकाल और मोटरसाइकिल के पुर्जों का क्या संबंध?

मामला और रहस्यमय तब हो गया जब कंकाल के आसपास खुदाई के दौरान मिट्टी में दबे मोटरसाइकिल के पुर्जे भी बरामद हुए। किसी अन्य शव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने जेसीबी से क्षेत्र में गहन खुदाई करवाई। एफएसएल टीम मौके पर साक्ष्य जुटा रही है, वहीं पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की फाइलें खंगाल रही है। कंकाल और मोटरसाइकिल के पुर्जों का आपस में क्या संबंध है, यह अब जांच का अहम बिंदु बन गया है।

घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

शादी की सालगिरह पर पत्नी के व्हाट्सऐप स्टेटस पर युवक ने की अश्लील टिप्पणी, जवाब पूछने गए पति की चाकू मारकर हत्या

दिल दहला देने वाली वारदात, 7 महीने के मासूम भांजे को मामी ने पानी में डुबोकर मारा