1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जयपुर में एक घर में 4 हत्याएं... सुबह 4 बजे पत्नी और तीन बेटियों की हत्या, 6 बजे बुजुर्ग पिता को चाय बनाकर दी और फरार हो गया कातिल

जयपुर में एक घर में 4 हत्याएं... सुबह 4 बजे पत्नी और तीन बेटियों की हत्या, 6 बजे बुजुर्ग पिता को चाय बनाकर दी और फरार हो गया कातिल

जयपुर में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई है। आरोपी राहुल झा ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों की ईंट से सिर पर वार करके हत्या कर दी। तीन बेटियों की उम्र 14 से 23 साल के बीच है।

जयपुर के गोविंदपुरा...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT जयपुर के गोविंदपुरा में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर फरार हो गया आरोपी पति राहुल।

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के करधनी थाना इलाके के गोविंदपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी और 3 बेटियों को मौत के घाट उतार दिया। घर के अंदर खून से सनी 4 लाशें मिलने के बाद से आसपास के पड़ोसी और स्थानीय लोग सहम गए हैं। वहीं, हत्याकांड के बाद से आरोपी मौके से फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पत्थरों के टुकड़ों से चारों के सिर पर किए ताबड़तोड़

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी राहुल झा ने शुक्रवार सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच अपने ही घर में पत्नी और 3 जवान बेटियों की हत्या कर दी। बेटियों की उम्र 14 से 23 साल के बीच बताई जा रही है। राहुल ने घर में मौजूद ईंटों और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले पत्थरों के टुकड़ों से चारों के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इस खौफनाक हमले में चारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

Image Source : reporter inputजयपुर के गोविंदपुरा में चार हत्याओं से सनसनी।

पिता को चाय पिलाकर भागा राहुल

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद भी आरोपी सामान्य तरीके से घर में रहा। पत्नी और बेटियों को मारने के बाद राहुल ने सुबह 6 बजे के करीब अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मी नाथ झा को दी चाय भी बनाकर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी राहुल झा ट्रेडिंग का काम करता है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह को हत्या की वजह माना जा रहा है।

3 अलग-अलग कमरों में मिली लाशें

सूचना मिलते ही भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया। पुलिस को मौके से खून से सने कपड़े मिले हैं, जिनकी FSL टीम से जांच करवाई जा रही है।

मृतकों की पहचान गीता झा और उनकी बेटियों नंदनी (23), राधिका (18) और गौरी (14) के रूप में हुई है। गीता का शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिला। वहीं तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है। 

Image Source : reporter inputपुलिस ने बच्चियों के दादा से बात की।

नींद में थी मां-बेटिया, तभी कर दी हत्या

जयपुर (पश्चिम) DCP प्रशांत किरण ने बताया कि तीनों बेटियां और उनकी मां घर में गहरी नींद में सो रही थी। तभी सोते समय ही उन पर भारी पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चियों के दादा लक्ष्मी नाथ झा से बात की तो सामने आया कि उनका बेटा सुबह से ही घर से लापता है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें-

मां ने डेढ़ साल की बच्ची की गला रेतकर की हत्या, रिश्तेदारों को खुद दी जानकारी; जांच में जुटी पुलिस

6 महीने की प्रेग्नेंट थी… फिर भी मारकर जला दिया, पुलिस ने जलती चिता से उठाएं 6 अवशेष