A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. लव मैरिज से नाराज भाई-जीजा ने आधी रात घर पर बोला धावा, बहू को घसीटा; CCTV में कैद हुई वारदात

लव मैरिज से नाराज भाई-जीजा ने आधी रात घर पर बोला धावा, बहू को घसीटा; CCTV में कैद हुई वारदात

लव मैरिज से नाराज युवती के भाई और जीजा ने कुछ बदमाशों के साथ मिलकर प्रेमी के घर पर धावा बोल दिया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात- India TV Hindi
Image Source : REPORTER सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के देवरोड़ गांव में सोमवार देर रात ऑनर किडनैपिंग की कोशिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लव मैरिज से नाराज युवती के भाई और जीजा ने करीब एक दर्जन बदमाशों के साथ मिलकर प्रेमी के घर पर हमला कर दिया। आरोपियों ने घर के गेट तोड़ दिए और बहू को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन शोरगुल होने पर पड़ोसी जाग गए, जिससे आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्यार

जानकारी के अनुसार, बेसरड़ा (खेतड़ी) निवासी पूनम और देवरोड़ गांव के अजय गुर्जर पिछले दो वर्षों से इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क में थे। पूनम का रिश्ता बचपन में ही कहीं और तय कर दिया गया था। बालिग होने के बाद जब परिजनों ने उस पर दूसरे गांव शादी के लिए दबाव बनाया, तो दोनों ने 29 जुलाई 2025 को जयपुर जाकर आर्य समाज में विवाह कर लिया। शादी के बाद से ही पूनम का भाई अमित और जीजा राजेश दोनों को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे।

आधी रात दो गाड़ियों में आए हमलावर

पीड़ित अजय गुर्जर ने बताया कि वह कुछ दिन पहले ही हैदराबाद से गांव लौटा था। सोमवार रात करीब 12:30 बजे साला अमित, जीजा राजेश, अंकित, खलील सहित अन्य साथी दो गाड़ियों में सवार होकर घर पहुंचे। आरोपियों ने घर में घुसकर अजय के पिता से मारपीट की। इसके बाद, पूनम की सास और ननद के कमरे का दरवाजा लात मारकर तोड़ दिया और पूनम को घसीटते हुए बाहर ले जाने लगे। इस दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।

पहले भी हो चुका है हमला

पीड़ित पक्ष ने बताया कि शादी के बाद जब दंपति झुंझुनूं एसपी कार्यालय में बयान देकर लौट रहे थे, तब भी आरोपियों ने उनकी गाड़ी पर हमला किया था। उस समय डर के कारण उन्होंने मामला दर्ज नहीं कराया और कुछ समय सीकर में छुपकर रहना पड़ा। उन्हें उम्मीद थी कि समय के साथ मामला शांत हो जाएगा, लेकिन आरोपियों ने रंजिश नहीं छोड़ी।

पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे परिजन

घटना के बाद पीड़ित परिवार पिलानी थाना पुलिस में मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए पहुंचे हैं। पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद परिवार में डर और दहशत का माहौल है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

BMC चुनाव को लेकर महायुति में तकरार, नवाब मलिक के नेतृत्व को लेकर NCP से साइड हुई BJP, क्या झुकेंगे अजित पवार?

नशेड़ी ड्राइवर का तांडव, लहराता हुआ बीच सड़क पर ही पलट दिया भारी-भरकम ट्रक; खौफनाक है VIDEO