1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. VIDEO: पुलिस दबिश के दौरान भागा सद्दाम, तीसरी मंजिल से गिरा और हो गई मौत, गुस्साई भीड़ ने किया जमकर हंगामा

VIDEO: पुलिस दबिश के दौरान भागा सद्दाम, तीसरी मंजिल से गिरा और हो गई मौत, गुस्साई भीड़ ने किया जमकर हंगामा

पड़ोस की छत से निकलते वक्त वह तीसरी मंजिल की बालकनी से सीधे नीचे आ गिरा। बिजली के तारों की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। इलाके के गुस्साए लोगों ने पुलिस के सामन जमकर हंगामा किया।

गुस्साई भीड़ का हंगामा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गुस्साई भीड़ का हंगामा

राजस्थान के जोधपुर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जोधपुर कमिश्नरेट ईस्ट के नागौरी गेट थाना इलाके में एक वारंटी युवक को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही सद्दाम नाम का युवक भागकर मकान की छत पर चढ़ गया। पड़ोस की छत से निकलते वक्त वह तीसरी मंजिल की बालकनी से सीधे नीचे आ गिरा और बिजली के तारों की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

घटनास्थल और अस्पताल में भारी बवाल

युवक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया और सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने मौके पर खड़ी पुलिस जीप में तोड़फोड़ कर दी और एक सिपाही पर हमला कर दिया। जख्मी जवान को फौरन पावटा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालात बिगड़ते देख अस्पताल परिसर में भी भारी भीड़ जुट गई, जहां स्थानीय नेताओं की आवाजाही भी शुरू हो गई।

पुलिस का पक्ष निष्पक्ष जांच का भरोसा

एडिशनल डीसीपी ईस्ट नरेंद्र सिंह देवड़ा ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है। युवक किन परिस्थितियों में गिरा, इसके तकनीकी और प्रत्यक्षदर्शी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि आक्रोशित भीड़ द्वारा पुलिसकर्मियों पर हमला और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाना गलत है। मृतक के परिजनों से बातचीत जारी है और उनसे लिखित शिकायत देने को कहा गया है, जिस पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

वारंट से बचने की कोशिश में हुआ हादसा

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सद्दाम के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी था। बार-बार बुलावे के बावजूद उसके पेश न होने पर टीम दबिश देने उसके आवास पहुंची थी। पुलिस का दावा है कि पकड़े जाने के डर से उसने छतों के जरिए भागने का प्रयास किया, तभी संतुलन बिगड़ने से वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया।

परिजनों ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप

दूसरी तरफ, मृतक के पिता ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सद्दाम को फोन कर लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि वे उसकी जमानत प्रक्रिया के लिए राशि की व्यवस्था कर रहे थे। वहीं, चाचा के अनुसार सद्दाम ने पुलिस को पास आने पर छलांग लगाने की चेतावनी दी थी।

मारपीट, छीनाझपटी व लूट का था आरोपी

मृतक सद्दाम पर साल 2018 में कृषिमंडी के एक व्यापारी के साथ मारपीट, छीनाझपटी व लूट का आरोप था। मामले में आरोपी को कोर्ट द्वारा गिरफ्तार कर पेश करने का वारंट जारी था। ऐसे में उसे गिरफ्तार करने पुलिस पहुंची थी और पुलिस से बचने के चक्कर मे वह तीन मंजिला मकान की बालकनी से कूद गया था।

चंद्रशेखर व्यास की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

झुंझुनूं में तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक कई वाहनों को मारी टक्कर, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर