झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार ने जमकर दहशत फैला दी। कबूतर खाना की तरफ से आई कार ने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसों के दौरान बाइक सवार युवक- महिला समेत दूधवाला सड़क पर गिर गए, जबकि कई लोग बाल-बाल बच गए। सीसीटीवी में यह घटना कैद हो गई।
कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, कार ने सबसे पहले खेतड़ी रोड स्थित गोल मार्केट के सामने एक बाइक को टक्कर मारी। बाइक सवार युवक और महिला सड़क पर जा गिरे। इसके बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। कुछ दूरी पर सामने से आ रहे बाइक सवार दूधवाले को भी कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दूधवाला सड़क पर गिर गया और उसका दूध सड़क पर बिखर गया। पास खड़े कई युवक भी हादसे में बाल-बाल बच गए। इसके बावजूद कार नहीं रुकी और चालक तेज रफ्तार में आगे बढ़ता रहा।
कार चालक हिरासत में
सूरजगढ़ मोड़ के पास कार ने एक स्कूटी को टक्कर मारने के बाद कैंपर वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार रुक गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और लोगों ने कार सवार युवक को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक शराब के नशे में बताया जा रहा था। सूचना पर चिड़ावा थाना पुलिस के एसआई बलवीर मौके पर पहुंचे और कार सहित युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यहां देखें वीडियो
अभी हाल में हुई थी दो लोगों की मौत
इससे पहले अभी हाल में ही झुंझुनू ज़िले में रघुनाथपुरा टोल प्लाज़ा के पास तेज़ रफ़्तार ट्रक ने पीछे से एक कार को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में शर्मिला और महेंद्र नाम के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। कार में सवार लोग एक धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे। यह घटना सूरजगढ़ पुलिस स्टेशन इलाके में हुई। इससे पहले अगस्त में झुंझुनूं जिले के पिलानी कस्बे में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक हवा में पलटी खाते हुए सड़क पर जा गिरे।
रिपोर्टः अमित शर्मा
ये भी पढ़ेंः उदयपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, 2 करोड़ रिश्वत लेते SOG एडिशनल SP का कथित दलाल गिरफ्तार