A
Hindi News राजस्थान "हम तुम्हें छोड़ रहे हैं, लेकिन...", आधी रात को घर में घुसे बदमाशों ने जमकर काटा बवाल; वारदात CCTV में कैद

"हम तुम्हें छोड़ रहे हैं, लेकिन...", आधी रात को घर में घुसे बदमाशों ने जमकर काटा बवाल; वारदात CCTV में कैद

हमलावरों ने दंपति को घायल करने के बाद घर में लूटपाट की। वे ज्वेलरी और घर में रखे 30 हजार रुपये नकद लूटकर ले गए।

आधी रात को घर में घुसे बदमाश- India TV Hindi Image Source : REPORTER आधी रात को घर में घुसे बदमाश

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अगवाना कलां गांव में घर में सो रहे एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। यह घटना 29 सितंबर की देर रात की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज गुरुवार को सामने आया है।

दरअसल, अगवाना कलां निवासी पीड़ित अजय कुमार ने सूरजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बताया है कि सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे दीपेंद्र उर्फ हुड्डा (निवासी बैलोदा), प्रीतम (निवासी स्वामीसेही) और 4-5 अन्य बदमाश एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए।

दंपति पर किया हमला

बदमाशों ने घर का मुख्य गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आंगन में सो रहे अजय कुमार और उनकी पत्नी कविता पर हमला कर दिया। इस हमले में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। अजय कुमार ने बताया कि बदमाशों ने घर का सामान भी तोड़ दिया।

हमलावरों ने दंपति को घायल करने के बाद घर में लूटपाट भी की। वे अजय के गले से सोने की चेन, कविता के गले से सोने का बादलिया और घर में रखे 30 हजार रुपये नकद लूटकर ले गए।

"मामा ने तुम्हें जान से मारने के लिए भेजा है"

पीड़ित अजय ने आरोप लगाया है कि बदमाशों ने हथियार दिखाकर धमकाते हुए कहा कि तुमने हमारे मामा हेमसिंह को अपने खेत में लकड़ी डालने के लिए मना किया था। मामा ने तुम्हें जान से मारने के लिए भेजा है।

अजय के मुताबिक, बदमाशों ने जाते-जाते धमकी दी कि "हम तुम्हें छोड़ रहे हैं, लेकिन अगर पुलिस में शिकायत की तो तुम्हें व तुम्हारे परिवार को जान से मार देंगे।" पुलिस ने अजय कुमार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

हिंसा का रास्ता छोड़ रहे नक्सली, बीजापुर में 103 नक्सलियों ने किया सरेंडर; 49 पर था 1.06 करोड़ का इनाम

भारत और चीन के बीच फिर से डायरेक्ट फ्लाइट सर्विसेज होंगी बहाल, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी