A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में उद्घाटन से पहले ही बह गई नई बनी सड़क, 6 महीने पहले हुई थी तैयार; देखें VIDEO

राजस्थान में उद्घाटन से पहले ही बह गई नई बनी सड़क, 6 महीने पहले हुई थी तैयार; देखें VIDEO

राजस्थान के झुंझुनूं से सरकारी विभाग की लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के चलते करोड़ों की लागत से बनी एक नई सड़क उद्घाटन से पहले ही बह गई।

बह गई नई बनी सड़क - India TV Hindi
बह गई नई बनी सड़क

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में उदयपुरवाटी क्षेत्र और आस-पास के इलाकों में रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। बारिश के चलते काटली नदी के तट क्षेत्र में आए तेज बहाव में करोड़ों की लागत से बनी एक नवनिर्मित सड़क उद्घाटन से पहले ही बह गई। बाघोली से नीमकाथाना को जोड़ने वाली यह सड़क महज छह महीने पहले ही बनकर तैयार हुई थी, लेकिन अब इसका संपर्क पूरी तरह टूट गया है।

NH-52 से जोड़ने वाली सड़क

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क बाघोली को NH-52 से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग थी, जिसका सपना वे वर्षों से देख रहे थे। हालांकि, पहली ही बारिश ने उनके इस सपने को तोड़ दिया। तेज बहाव के कारण सड़क दो हिस्सों में बंट गई है और उसकी तस्वीर धुंधली हो गई है।

PWD और ठेकेदार जिम्मेदार? 

ग्रामीणों ने इस बड़ी क्षति के लिए सीधे तौर पर सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) और ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिसकी पोल पहली ही मूसलाधार बारिश ने खोल दी।

नई सड़क की बदहाली का वीडियो वायरल

घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने सड़क की बदहाली के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए, जो अब तेजी से वायरल हो रहे हैं। काटली नदी के बाघोली क्षेत्र में तेज बहाव ने सड़क के अलावा कई छोटे एनीकट और खेतों को भी जलमग्न कर दिया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

पार्टी मनाने गया युवक दोस्तों के सामने डैम में डूबा, मौत का लाइव VIDEO आया सामने

इटली के एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, उड़ने वाले विमान के इंजन में फंसकर शख्स की हुई मौत