1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. भीलवाड़ा में एक्सप्लोसिव लदी पिकअप में हुआ जोरदार धमाका, ड्राइवर की मौत, कई मकान क्षतिग्रस्त

भीलवाड़ा में एक्सप्लोसिव लदी पिकअप में हुआ जोरदार धमाका, ड्राइवर की मौत, कई मकान क्षतिग्रस्त

राजस्थान के भीलवाड़ा में एक्सप्लोसिव लदी पिकअप में धमाका हो गया। इस हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई है, जबकि आसपास मौजूद कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

धमाके में कई मकान...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT धमाके में कई मकान क्षतिग्रस्त।

भीलवाड़ा: जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के आगुचा गांव में सोमवार को दिल दलाने वाला मामला सामने आया। यहां आगूचा गांव के पास से गुजरने वाली मानसी नदी के तट पर रामदेव खटीक के पशु बांधने के बाड़े व मकान परिसर में खड़ी एक एक्सप्लोसिव से भरी पिकअप गाड़ी में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पिकअप गाड़ी के परखचे उड़ गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। साथ ही आसपास के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की।

धमाके में एक की मौत

गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने कहा कि आगुचा गांव के पास गुजरने वाली मानसी नदी के पास 45 वर्षीय रामदेव पिता हीरालाल खटीक के पशु बांधने का बाड़ा व पास ही मकान स्थित है। उनकी चेनपुरिया गांव के पास एक्सप्लोसिव डिपो है। उनकी एक्सप्लोसिव से भरी पिकअप गाड़ी का ड्राइवर खाना खाने के लिए उतरा था। अचानक एक्सप्लोसिव से भरी पिकअप गाड़ी में ब्लास्ट हुआ, जिससे ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आसपास के मकान की दीवारें, खिडकियां, टीन व शीशे क्षतिग्रस्त हुए हैं। 

Image Source : Reporter Inputपिकअप वाहन क्षतिग्रस्त।

बचाव कार्य जारी

मलबे में सवाईमाधोपुर निवासी 35 वर्षीय पिकअप चालक आत्मराम का शव मिला। मृतक के शव को गुलाबपुरा स्थित सामुदायिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं पास स्थित हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड का बचाव दल भी मौके पर पहुंचा और मलबे के ढेर से कोई एक्सप्लोसिव न बचे, उसको डिस्पोज करने के साथ ही घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लिया।

जांच में जुटी पुलिस

गुलाबपुरा थाना प्रभारी ने कहा कि हमने आसपास घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही एक्सप्लोसिव एक्ट और अन्य धारों में मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। ब्लास्ट के कारण पिकअप गाड़ी के ड्राइवर के मौके पर ही मौत हुई है। एक्सप्लोसिव के मालिक रामदेव खटीक की तलाश कर रहे हैं। वह हादसे के बाद से फरार हो गए हैं, जिसकी तलाश के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया है। (इनपुट- सोमदत्त त्रिपाठी)

यह भी पढ़ें-

कोटा रेलवे स्टेशन का उस वक्त का CCTV फुटेज आया सामने, जब पकड़े गए टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले आरोपी