1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. अवैध खनन रोकने गए वन अधिकारी को मिट्टी से भरे डंपर से कुचला, बुलेट समेत 50 मीटर तक घसीटा; मौत

अवैध खनन रोकने गए वन अधिकारी को मिट्टी से भरे डंपर से कुचला, बुलेट समेत 50 मीटर तक घसीटा; मौत

अवैध खनन को रोकने गए क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चूंडावत को डंपर से कुचल दिया और उन्हें बुलेट समेत 50 मीटर तक घसीटता हुआ निकल गया।

क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चूंडावत की मौत- India TV Hindi
Image Source : REPORTER क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चूंडावत की मौत

राजस्थान के प्रतापगढ़ के छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गए वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी को डंपर से कुचलने का मामला सामने आया है। श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर के पास वन क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे रेंजर प्रताप सिंह चूंडावत को मिट्टी से भरे डंपर ने बुलेट बाइक समेत कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल रेंजर की निम्बाहेड़ा जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई।

रोकने का प्रयास किया तो डंपर से कुचल दिया

घटना के बाद डंपर चालक और जेसीबी मशीन चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे वन विभाग के अधिकारियों को वन क्षेत्र में अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चूंडावत और वनपाल मौके पर पहुंचे। इसी दौरान मिट्टी से भरा एक डंपर तेज गति से आता दिखाई दिया। रेंजर ने डंपर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और बुलेट बाइक समेत रेंजर को कुचल दिया।

बताया जा रहा है कि डंपर चालक रेंजर को बाइक समेत करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में रेंजर गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी कर्मचारी ने घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी, जिसके बाद वन विभाग जाप्ता मौके पर पहुंचा। गंभीर रूप से घायल रेंजर को छोटीसादड़ी के जयचंद मोहिल उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां सीएचसी प्रभारी डॉ. विजय कुमार गर्ग और चिकित्सा अधिकारी संजय गुप्ता ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें निम्बाहेड़ा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बता दें कि ऐसा ही एक मामला महाराष्ट्र के सतारा से सामने आया है, जहां बालू माफिया ने अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने पहुंचे एक पुलिसकर्मी को डंपर से 1 किलोमीटर तक घसीटा।

डंपर में भरी मिट्टी रास्ते में खाली कर भागा चालक

घटना के बाद डंपर चालक डंपर और जेसीबी मशीन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, डंपर चालक ने घाटीवाले बालाजी मंदिर से आगे डंपर में भरी मिट्टी रास्ते में खाली कर दी, जिससे रास्ता बाधित हो गया। इसके बाद वह भंवरमाता रोड स्थित शनि मंदिर के रास्ते गोमाना की ओर फरार हो गया। पुलिस ने देर रात डंपर चालक की तलाश में प्रयास किए,लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका। पुलिस की टीमें अवैध खनन से जुड़े लोगों और फरार वाहन चालकों की तलाश में जुटी हैं। डंपर की टक्कर और घसीटे जाने से रेंजर की बुलेट बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।

(रिपोर्ट- राजा सोनी)

ये भी पढ़ें-

जमुई में बैड टच की शिकार नाबालिग का वीडियो वायरल करने वालों पर शिकंजा, 120 सोशल मीडिया अकाउंट चिह्नित

अलवर में BJP की मेयर बनते ही फूट-फूटकर रो पड़े मंत्री संजय शर्मा, बोले- "पिछली बार मुझे छला गया था"; देखें VIDEO