महाराष्ट्र के सतारा जिले के म्हसवड में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बिना नंबर प्लेट वाले डंपर को रोकने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मी महावीर कोकरे को आरोपी डंपर चालक करीब 1 किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस घटना में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरी घटना रविवार शाम म्हसवड शहर इलाके की है। पुलिसकर्मी महावीर कोकरे बाइक से नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें बिना नंबर प्लेट वाला एक संदिग्ध डंपर दिखाई दिया। संदेह होने पर उन्होंने बाइक आगे लगाकर डंपर चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया। डंपर रुकने के बाद पुलिसकर्मी ने जब जांच की, तो उसमें अवैध रूप से ले जाई जा रही बालू मिली। इसके बाद उन्होंने चालक से बालू परिवहन का वैध लाइसेंस मांगा। पुलिस के मुताबिक, लाइसेंस मांगने पर डंपर चालक पुलिसकर्मी से बहस करने लगा। इसके बाद चालक ने अचानक डंपर स्टार्ट किया और वहां से भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मी ने डंपर को रोकने की कोशिश की और इसी दौरान वाहन के दरवाजे या साइड हिस्से को पकड़ लिया। आरोप है कि चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मी को करीब 1 किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल
महाराष्ट्र के सतारा में हुई इस घटना में पुलिसकर्मी महावीर कोकरे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद पुलिसकर्मी के बयान के आधार पर म्हसवड पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है और अवैध बालू परिवहन के नेटवर्क तथा डंपर के मालिकाना हक की भी पड़ताल की जा रही है। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
ये भी पढे़ं- VIDEO: हाईवे पर पलटा मिल्क टैंकर, वाहन रोक-रोककर लोगों ने बोतलों में भरा दूध, ग्रामीणों की भी जुटी भीड़