1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. दिनदहाड़े महिला से चेन लूटने का वीडियो आया सामने, लोगों ने पीछा कर के एक को पकड़ा, फिर जमकर की धुनाई

दिनदहाड़े महिला से चेन लूटने का वीडियो आया सामने, लोगों ने पीछा कर के एक को पकड़ा, फिर जमकर की धुनाई

राजस्थान के अजमेर में महिला से दिनदहाड़े चेन लूटने का चौंका देने वाला वीडियो सामने आया है। महिला ने जब शोर मचाया तो लोगों ने पीछा कर के एक आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी।

rajasthan ajmer chain snatching- India TV Hindi
Image Source : PTI अजमेर में चेन स्नेचिंग की वारदात।

राजस्थान के अजमेर जिले में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती चली जा रही है। इन घटनाओं ने आम लोगों में मन में खौफ पैदा कर दिया है। इस बीच सोमवार को कृष्णगंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से चेन लूटने का प्रयास किया गया। हालांकि, लोगों की सतर्कता के चलते एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी फरार होने में सफल रहा। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार जनता कॉलोनी, वैशाली नगर निवासी रेखा शर्मा ने कृष्णगंज थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम करीब 3:30 बजे वह पैदल रिलायंस मॉल जा रही थीं। शाम करीब 4 बजे वैशाली नगर रोड स्थित तनिष्क ज्वैलर्स के पास पहुंचते ही बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपटकर तोड़ ली और भागने लगे।

स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ा

चेन स्नेचिंग के बाद महिला के शोर मचाने पर पीछे आ रहे बाइक सवारों और आसपास मौजूद लोगों ने दोनों का पीछा किया। लोगों ने बाइक चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। तलाशी लेने पर आरोपी के बैग से मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट और एक जोड़ी कपड़े बरामद हुए। पिटाई के दौरान पीछे बैठा दूसरा आरोपी बाइक से कूदकर फरार हो गया जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। राजस्थान के अजमेर में हुई इस वारदात ने लोगों को डरा दिया है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम कृष्णा तथा फरार साथी का नाम कुशल उर्फ कालू (निवासी- नागफणी) बताया। कृष्णगंज थाना पुलिस ने इस पूरी घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, लगातार हो रही ऐसी वारदातों से शहरवासियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कृष्णगंज थाने के हेड कांस्टेबल प्रताप सिंह ने इस घटना को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि मामले में एक व्यक्ति को वहीं स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया और उसका एक साथी फरार हो गया है। आरोपी कृष्णा को आज कोर्ट में पेश किया गया है। (रिपोर्ट: राजकुमार वर्मा)

ये भी पढ़ें- राजस्थान में युवकों ने Scorpio कार की निकाली शवयात्रा, जानें पूरा मामला और देखें VIDEO

बेड बॉक्स के अंदर छिपा बैठा था 'ठग नटवरलाल', पुलिस ने छान मारा घर, बेड खोल कर देखा तो सब चौंक गए