1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. बेड बॉक्स के अंदर छिपा बैठा था 'ठग नटवरलाल', पुलिस ने छान मारा घर, बेड खोल कर देखा तो सब चौंक गए

बेड बॉक्स के अंदर छिपा बैठा था 'ठग नटवरलाल', पुलिस ने छान मारा घर, बेड खोल कर देखा तो सब चौंक गए

 Published : Aug 02, 2026 02:07 pm IST,  Updated : Aug 02, 2026 02:07 pm IST

आरोपी बेड के अंदर कपड़ों के बीच छिपा हुआ था। पुलिस ने बेच खोला तो हैरान रह गए। इसके बाद आरोपी को कपड़े पहनाकर बाहर लाया गया और उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की गई।

Bed- India TV Hindi
बेड के अंदर छिपा आरोपी Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सिंघाना थाना पुलिस ने किसानों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को बेहद अनोखे अंदाज में गिरफ्तार किया है। पुलिस जब आरोपी के घर दबिश देने पहुंची तो वह गिरफ्तारी से बचने के लिए घर में ही बेड के अंदर कपड़ों के ढेर के नीचे छिपकर बैठ गया। काफी देर तक तलाश करने के बाद पुलिस ने उसकी चालाकी नाकाम कर दी और बेड के अंदर से बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बेड से बाहर निकालने का वीडियो भी सामने आया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राहुल सैनी पुत्र नंदलाल पर उत्तर प्रदेश के एक किसान से आम मंगवाने के नाम पर करीब 90 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है। किसान की शिकायत मिलने के बाद सिंघाना थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी के घर दबिश दी।

बेड के अंदर छिपा था आरोपी

पुलिस के पहुंचते ही आरोपी ने खुद को बचाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि पहली नजर में किसी को भी उसके वहां होने का अंदाजा नहीं हो सके। उसने घर में रखे बेड के अंदर घुसकर ऊपर कपड़े डाल लिए, लेकिन पुलिस टीम ने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली। आखिरकार बेड के अंदर छिपे आरोपी का पता चल गया और उसे बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी कार्रवाई थानाधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। आरोपी को बेड से बाहर निकालने का वीडियो सामने आने के बाद लोग उसकी तुलना फिल्मी किरदारों और 'ठग नटवरलाल' से कर रहे हैं।

एक साल पहले भी दर्ज हुआ था मामला

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ करीब एक वर्ष पहले चेक बाउंस का मामला भी दर्ज हो चुका है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि उसने अन्य किसानों या व्यापारियों के साथ भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि पूछताछ में अन्य ठगी के मामलों का खुलासा होता है तो उन पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

(झूंझुनूं से अमित शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

उदयपुर में ज्वैलरी शोरूम से करीब 1 करोड़ के गहने चोरी, CCTV में कैद हुई घटना, आधी रात को नाले की ओर से आए चोर

कोटा और भीलवाड़ा के बाद अलवर में दो प्रसूताओं की मौत, एक का झोलाछाप डॉक्टर ने किया था इलाज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।