1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में दर्दनाक हादसा, कांग्रेस की बैठक में फैल गया करंट, दो लोगों की मौत, 13 घायल

राजस्थान में दर्दनाक हादसा, कांग्रेस की बैठक में फैल गया करंट, दो लोगों की मौत, 13 घायल

प्रतापगढ़ जिले में कांग्रेस की बैठक में करंट फैलने से दर्दनाक हादसा हो गया है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग घायल हो गए हैं। इस हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

udaipur prtapgarh congress meeting electric shock- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPORTER कांग्रेस की बैठक में करंट दौड़ने से हादसा।

राजस्थान प्रतापगढ़ जिले में बुधवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां कांग्रेस की एक बैठक के दौरान करंट फैल गया। जानकारी के अनुसार, ये बैठक कांग्रेस विधायक नानालाल निनामा लेने वाले थे। इसी दौरान तेज हवा चलने के कारण टेंट हाई टेंशन बिजली के पोल छू गया जिस कारण ये हादसा हुआ। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के रेणंदा गांव में पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक से पहले बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा के चलते बैठक स्थल पर लगाया गया टेंट उड़ने लगा। टेंट को संभालने के प्रयास में मौके पर मौजूद लोगों ने उसके पाइप को पकड़ लिया। इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे करीब 15 लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए।

मृतकों की पहचान सामने आई

सामने आई जानकारी के अनुसार, रेणंदा गांव में कांग्रेस की बैठक में 150 से 200 लोगों के शामिल होने की तैयारी थी। बैठक शुरू होने से पहले ही तेज हवा चलने से टेंट उड़ने लगा। उसे संभालने के प्रयास में पाइप विद्युत लाइन से टकरा गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मोहन मीणा और अर्जुन मीणा की मौत हो गई। वहीं, 13 अन्य लोग घायल हो गए। आपको बता दें कि इससे पहले मंगलवार को राजस्थान के कोटा में दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हुआ था। कोटा में कोटड़ी नहर में नाव पलटने के कारण 4 लोग बह गए थे।

विधायक के पहुंचने से ठीक पहले हादसा

घटना के बाद घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की जानकारी मिलने पर एडीएम विजेश पंड्या और एएसपी जयदेव सिहाग भी जिला चिकित्सालय पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल में उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस विधायक नानालाल निनामा भी बैठक में शामिल होने वाले थे। बताया जा रहा है कि विधायक के पहुंचने से ठीक पहले यह हादसा हुआ। घटना के बाद रेणंदा गांव में शोक का माहौल है, वहीं पूरे क्षेत्र में चिंता बनी हुई है। (रिपोर्ट: भगवान प्रजापत)

ये भी पढ़ें- रितु बराला मामले में दिल्ली पुलिस के खिलाफ FIR की मांग पर अड़ी कांग्रेस, नेताओं ने पुलिस कमिश्नरेट में गुजारी रात

भीलवाड़ा में एक्सप्लोसिव लदी पिकअप में हुआ जोरदार धमाका, ड्राइवर की मौत, कई मकान क्षतिग्रस्त