राजस्थान के झुंझुनूं शहर के गुढ़ा फाटक के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक के कानों में ईयरफोन लगे हुए थे और इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक पर पैदल चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन चालक ने हॉर्न भी बजाया, लेकिन ईयरफोन लगे होने के कारण युवक ट्रेन के आने की आवाज नहीं सुन पाया।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार लोहारू से जयपुर जाने वाली ट्रेन गुढ़ा फाटक के पास पहुंची। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर मौजूद युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान विकास उर्फ आशीष (24) पुत्र राजेंद्र प्रसाद, निवासी झुंझुनूं के रूप में हुई है। विकास शहर में एक चश्मे की दुकान पर काम करता था। परिजनों के अनुसार वह रविवार सुबह घर से दुकान पर जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। आपको बता दें कि हाल ही में भीलवाड़ा जिले में भी एक अनियंत्रित कार ने बाइक को टक्कर मार दी जिसके कारण बाइक पर सवार पति-पत्नी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
ईयरफोन बने हादसे की बड़ी कड़ी
झुंझुनूं में हुए हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक रेलवे ट्रैक पर पैदल चल रहा था और उसके कानों में ईयरफोन लगे हुए थे। इसी दौरान ट्रेन वहां पहुंची। ट्रेन चालक ने हॉर्न बजाया, लेकिन युवक ने कथित तौर पर हॉर्न की आवाज नहीं सुनी। ट्रेन को बेहद करीब देखकर वह संभल पाता, इससे पहले ही हादसा हो गया। मौके से पुलिस को युवक के ईयरफोन बड्स, एटीएम कार्ड और कुछ नकदी भी मिली। हादसे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
घर का इकलौता बेटा था विकास
विकास अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। वह परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करता था और चश्मे की दुकान पर काम कर अपना रोजगार चला रहा था। बेटे की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिवार का इकलौता बेटा अचानक हमेशा के लिए दुनिया से चला गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में युवक के रेलवे ट्रैक पर होने और कानों में ईयरफोन लगे होने की बात सामने आई है। (रिपोर्ट: अमित शर्मा)
ये भी पढ़ें- अजमेर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने किया सुसाइड, आर्थिक तंगी से परेशान होने की बात आई सामने
ब्रेकर पर स्लो होते ही ट्रक ने कार में मारी जोरदार टक्कर, गाड़ी के उड़े परखच्चे, गेट तोड़कर निकाले गए शव