राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बीगोद क्षेत्र से गुजरने वाले भीलवाड़ा-मांडलगढ़ नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर बाद एक बड़ा हादसा हुआ। यहां अनियंत्रित कार ने बाइक को टक्कर मार दी जिसके कारण बाइक पर सवार पति-पत्नी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक कार छोड़ कर फरार हो गया।
कैसे हुआ हादसा?
बिगोद थाना प्रभारी जय सुल्तान कविया ने कहा कि बिगोद कस्बे के पास NH-758 पर यश पावन धाम के नजदीक शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने भीलवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र की रूपाहेली गांव निवासी बाइक सवार 63 वर्षीय पति भगवान बागरिया, 56 वर्षीय पत्नी देऊ व 24 वर्षीय रतन बागरिया को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

NHAI अधिकारियों की ब्लैक स्पॉट पर लापरवाही पड़ रही भारी
सूचना पर बीगोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को बीगोद अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और मामला दर्ज किया। इसके बाद पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कहा की यश पावन धाम के पास NH-758 का यह हिस्सा ब्लैक स्पॉट बन चुका है, जहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
खबर अपडेट हो रही है...
(रिपोर्ट- सोमदत्त त्रिपाठी)