राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक बड़ी ही हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में शादी के महज दो दिन बाद ही नई-नवेली दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, नवविवाहिता का शव ससुराल के कमरे में फंदे से लटका मिला। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। आइए जानते हैं कि अब तक इस मामले में क्या जानकारी सामने आई है।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार, सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के स्वामी सेही गांव में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों की नजर पड़ते ही चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर सूरजगढ़ के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया।
गोरखपुर की रहने वाली थी नीलू चौहान
पुलिस की ओर से दी हई जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 22 वर्षीय नीलू चौहान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की निवासी थी। उसका विवाह 9 फरवरी को स्वामी सेही गांव निवासी धर्मेंद्र बुडानिया के साथ हुआ था। शादी के दो दिन बाद ही नीलू विदा होकर ससुराल आई थी और इसके तुरंत बाद यह घटना हो गई।
मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम
मामला शादी के महज दो दिन बाद का होने के कारण पुलिस ने इसे संवेदनशील मानते हुए पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
पीहर पक्ष को दी सूचना, हर एंगल से जांच
पुलिस ने मृतका के पीहर पक्ष को गोरखपुर में सूचना भेज दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, पारिवारिक विवाद या अन्य किसी कारण सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। (रिपोर्ट: अमित शर्मा)
ये भी पढ़ें- शादी समारोह से बर्तन धोने वाला केमिकल चुराया, शराब समझकर पी गए, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
जब विदेशी सैलानियों पर अचानक मधुमक्खियों ने कर दिया हमला, मच गई अफरा-तफरी, देखें Video